सरायकेला (ब्यूरो): खरसावां शहीद दिवस पर सोमवार को खरसावां में किसान मेला का आयोजन किया गया। इस मौके पर उपस्थित केंद्रीय कृषि सह जनजातीय कार्य मंत्री अर्जुन मुंडा, सांसद विद्युत वरण महतो और राज्यपाल ने गोलीकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद सभी किसान मेला में शामिल हुए।

मौके पर श्री मुंडा ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने जिस माटी के लिए खून बहाया इस माटी में हरियाली लाकर हम उसे सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। आज यहां किसान मेला में सैकड़ो कृषि वैज्ञानिकों के साथ-साथ विभिन्न विभागों के सैकड़ों अधिकारी उपस्थित हैं। इनका उद्देश्य इस क्षेत्र में हरियाली लाना है। उन्होंने लोगों से यह शपथ लेने को कहा कि अगले वर्ष शहीद समाधि पर जो फूल चढ़े वह हमारी माटी की उपज हो। उन्होंने कहा कि किसानों की आय को दोगुना करने के लिए आज यहां कई कृषि वैज्ञानिक उपस्थित हैं। प्रधानमंत्री ने कृषि बजट को बढ़ाकर 1 लाख 15 हजार करोड़ कर दिया है। खेतों में खाद डालने के लिए 30 हजार महिलाओं को प्रशिक्षित किया जा रहा है, जो पी एम ड्रोन दीदी के नाम से जानी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश जाति से नहीं बल्कि वर्ग से चलेगा। मोदी की गारंटी के तहत अगले 5 साल तक 80 लाख परिवारों को निशुल्क खाद्यान्न आपूर्ति जारी रहेगा एवं प्रधानमंत्री का 75 लाख आवास बनाने का सपना भी शीघ्र पूरा होगा। उन्होंने बताया कि पीएम जन धन योजना के तहत 24 करोड़ हजार रुपए जनजातियों के उत्थान में खर्च किए जाएंगे। इसके पूर्व किसान मेला सह प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल सी बी राधाकृष्णन एवं केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने किया। इस दौरान उन्होंने मेला में लगे 130 कृषि स्टॉल का अवलोकन भी किया।

इनकी रही मौजूदगी

इस कार्यक्रम में रांची के सांसद संजय सेठ, जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, मीरा मुंडा, पूर्व मंत्री बडक़ुंवर गागराई, पूर्व विधायक लक्ष्मण टुडू, मंगल सिंह सोय, जे बी तुबिद, विजय महतो, उदय सिंह देव, गणेश महाली, रतन महतो सहित कृषि मंत्रालय के 12 संयुक्त सचिव और 25 कृषि वैज्ञानिक मौजूद थे।

खरसावां गोलीकांड के शहीदों को किया नमन

सांसद विद्युत वरण महतो ने आज खरसावां गोली कांड के शहीदों को नमन किया। नववर्ष के प्रथम दिन खरसावां स्थित शहीद बेदी पर पहुंच कर सांसद श्री महतो ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सांसद श्री महतो ने कहा कि खरसावां गोली कांड भारतीय इतिहास का एक ऐसा काला अध्याय है जिस पर आज भी पर्दा पड़ा है। इसके बाद सांसद ने खरसावां किसान मेला में भाग लिया। भारत सरकार के कृषि मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस मेले में मुख्य रूप से झारखंड के राज्यपाल एवं भारत सरकार के कृषि एवं जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा के अलावा रांची के सांसद संजय सेठ भी उपस्थित थे।