जमशेदपुर (ब्यूरो): टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन की नियमित बैठक शुक्रवार को यूनियन कार्यालय में अध्यक्ष गुरमीत सिंह की अध्यक्षता में हुई। बैठक में यूनियन के महामंत्री आरके सिंह ने पूर्व से सूचित बैठक के एजेंडे को रखा, जिसपर सभी सदस्यों ने अपने विचार रखे। इस दौरान मुख्य रूप से कार्यस्थल के सुरक्षा उपायों पर यूनियन और प्रबंधन द्वारा किये जा रहे प्रयासों पर उपस्थित सदस्यों ने अपनी बातें रखीं। इस दौरान अस्थायी कर्मियों के स्थायीकरण की बात भी उठी। इसपर महामंत्री आरके सिंह ने कहा कि शुरू से ही यूनियन द्वारा इसपर लगातार प्रयास किया जाता रहा है। उन्होंने कर्मियों के स्थायीकरण हेतु हर स्तर पर प्रबंधन से वार्ता कर समाधान करने का आश्वासन कार्यकारिणी सदस्यों को दिया।

की गई चर्चा

हाल के दिनों में उच्च न्यायालय के आदेश के आलोक में उप श्रमायुक्त द्वारा पारित आदेश पर भी विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने उपस्थित सदस्यों को यूनियन द्वारा प्रबंधन से बात कर समाधान निकालने का विश्वास दिया। कहा कि अस्थायी मजदूरों के स्थायीकरण का काम यूनियन शुरू से ही प्राथमिकता के साथ कर रही है और आगे भी सम्मानजनक समाधान निकालने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। महामंत्री ने कहा कि अस्थायी कर्मियों का स्थायीकरण की निर्णायक लड़ाई के लिए यूनियन कमर कस चुकी है। स्थानीय स्तर पर प्रबंधन के साथ ही आवश्यकता पड़ी तो बॉम्बे/ पुणे बोर्ड के वरीय पदाधिकारियों से बात कर हर हाल में स्थायीकरण का समाधान किया जायेगा।

प्रबंधन से वार्ता हुई है

इसके साथ ही कर्मचारियों द्वारा मासिक वेतन माह की 5 तारीख की बजाय एक तारीख करने की मांग उठाई जा रही थी। महामंत्री ने कहा कि इस बारे में प्रबंधन से वार्ता हुई है और संभवत: आगे माह से मासिक वेतन महीने की एक तारीख को आ जायेगी। सभा मे उपस्थित यूनियन के सलाहकार प्रवीण सिंह ने बताया कि यूनियन नेतृत्व (अध्यक्ष और महामंत्री) ने अस्थायी मजदूरों को अस्तित्व में लाने का काम किया है तो अस्थायी मजदूरों के स्थायीकरण का समाधान भी किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन प्रकाश विश्वकर्मा और धन्यवाद ज्ञापन एच एस सैनी ने किया।