जमशेदपुर (ब्यूरो): साकची गुरुद्वारा में मंगलवार को वीर बाल दिवस पर कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। इस दौरान स्त्री सत्संग सभा ने सुखमनी साहिब का पाठ किया। इसके बाद कथा वाचक भाई सुखविंदर सिंह एवं अमृत पाल सिंह ने संगत को चार साहेबजादो के इतिहास के बारे में बताया। उसके बाद संदीप सिंह ने कीर्तन दरबार सजाया। अंत में अरदास के बाद लंगर का वितरण किया गया।

ऐलान किया था

इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो, सेंटर गुरुद्वारा के प्रधान भगवान सिंह, साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह और सह संयोजक कुलवंत सिंह बंटी ने अपनी बातें रखीं। सांसद ने कहा कि 2022 को प्रधानमंत्री द्वारा 9 जनवरी को गुरु गोविंद सिंह के प्रकाश उत्सव पर हर वर्ष 26 दिसंबर को वीर बाल दिवस के रूप में मनाए जाने का ऐलान किया था। उसी के तहत कार्यक्रम का आयोजन विभिन्न गुरुद्वारों में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सिखों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता है। छोटी सी उम्र में ही साहेबजादों को बाबा की उपाधि देना कोई साधारण बात नहीं है। वहीं सीजीपीसी प्रधान ने कहा कि सिखों का इतिहास शुरू से स्वर्णिम रहा है और 21 से 27 दिसंबर के दिन कोई शुभ काम नहीं किया जाता है। कहा कि गुरुओं ने जो शहादत दी है उससे ही आज सिखी और सनातन बचा है।

बड़े पैमाने पर होगा आयोजन

साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशांत सिंह ने कहा कि हम इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से ही अपने बच्चों को अपने धर्म के इतिहास बताने की कोशिश करते हैं। उन्होंने ने कहा कि आने वाले समय में इस तरह का आयोजन और बड़े पैमाने पर किया जायेगा। भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाकी समाज को इतिहास बताने का काम किया है। कार्यक्रम का संचालन सुरजीत सिंह छीते और धन्यवाद ज्ञापन सतवीर सिंह सोमू ने किया।

इनकी रही मौजूदगी

कार्यक्रम में सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव, सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, महासचिव अमरजीत सिंह, सलाहकार गुरदीप सिंह पप्पू, साकची गुरुद्वारा के प्रधान निशान सिंह, वरीय उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह जोगी, महासचिव परमजीत सिंह काले, वीर बाल दिवस झारखंड प्रदेश सह संयोजक भाजपा नेता कुलवंत सिंह बंटी, जमशेदपुर संयोजक मंजीत सिंह, सहसंयोजक नवजोत सिंह, रॉकी सिंह, सुखदेव सिंह, कुलवंत सिंह, चंचल भाटिया, जसवंत सिंह, संदीप शर्मा, हन्नू जैन, सुखविंदर सिंह साब्बी, बारीडीह प्रधान कुलविंदर सिंह, पिन्टू सैनी, बंटी वालिया, जयपाल सिंह खालसा, जुगनू, पवन अग्रवाल, संसद प्रतिनिधि चंद्रशेखर मिश्रा मिथलेश सिंह यादव खेमलाल चौधरी, प्रदेश कार्यसमिति के मिथिलेश सिंह, प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, अभय सिंह उजैन, चंचल सिंह आदि उपस्थित थे।