JAMSHEDPUR: टाटा वर्कर्स यूनियन की पहल पर शहर वासियों को नए साल में शहर के बीचोबीच दो नए पिकनिक स्पॉट की सौगात मिलने जा रही है। यह पिकनिक स्पॉट साकची में बारी मैदान क्लब हाउस के पीछे और कदमा में डीपी स्लोप के सामने एन-क् टाइप क्वार्टर वाली जगह पर बनेंगे। दोनों ही जगह पिकनिक के लिए उपयुक्त पायी गयी हैं। यहां आकर लोगों को पिकनिक के दौरान भोजन पकाने की भी आजादी रहेगी। गुरुवार को टाटा स्टील के वीपी (कॉरपोरेट सर्विसेज) सुनील भास्करन, चीफ रितुराज सिन्हा व जुस्को के सीनियर जीएम कैप्टन धनंजय मिश्रा ने टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष आर रवि प्रसाद और डिप्टी प्रेसिडेंट संजीव कुमार चौधरी के साथ दोनों स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में दोनों स्थल को पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने की संभावनाएं देखीं। इन स्थानों पर पहले टाटा स्टील कर्मचारियों के लिए क्वार्टर बने थे। सभी क्वार्टरों को कुछ समय पूर्व ध्वस्त कर दिया गया है। हरे-भरे इन स्थलों को पिकनिक स्पॉट के तौर पर विकसित करने का सुझाव यूनियन की ओर से प्रबंधन को दिया गया है। दौरे के क्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के उपाध्यक्ष शहनवाज आलम, भगवान सिंह व अरविंद पांडेय भी मौजूद थे।

जुबिली पार्क में खाना बनाने पर लगी है रोक

नव वर्ष में शहर में पिकनिक के लिए सबसे ज्यादा भीड़ जुबिली पार्क व इसके आसपास बने पिकनिक स्पॉट में उमड़ती है। चिडि़याघर समीप होने के कारण पिछले साल जिला प्रशासन ने संबंधित पिकनिक स्पॉट में खाना पकाने पर रोक लगा दी थी। इस वजह से लोगों को पिकनिक के लिए डिमना जाना पड़ता था। बिष्टुपुर, कदमा, सोनारी आदि से डिमना काफी दूर पड़ता है। इस वजह से शहर के बीचोंबीच पिकनिक स्पॉट की सख्त जरूरत महसूस की जा रही थी।

दोनों ही जगह पिकनिक के लिए बेहतरीन है। यहां काफी हरियाली भी है। शहर के बीचोबीच पिकनिक स्थल बनने से लोगों को काफी सुविधा होगी।

-आर रवि प्रसाद, अध्यक्ष, टाटा वर्कर्स यूनियन।