-पेड़ गिरने से कई हुए घायल, टूटे मकान

JAMSHEDPUR: तेज आंधी तूफान ने भले ही लोगों को गर्मी से राहत दिलाई हो, मगर ये कई परिवारों पर कहर बन कर टूटा। रविवार की रात गुलमोहर का एक बड़ा पेड़ संतोष सिंह के मकान पर जा गिरा। इससे उनकी 9 माह की बेटी रोशनी दब कर घायल हो गई। जिसे डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। वहीं रोशनी की मां तिया देवी गंभीर रूप से घायल हो गई। उन्हें इलाज के लिए टीएमएच में एडमिट कराया गया। इसी तरह पेड़ गिरने से कंचन नगर के दो मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और चार लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही जुस्को और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीडि़त परिवार को सांत्वना दी। बस्ती में गम का माहौल है।

मौत बन कर गिरा पेड़

बर्मामाइंस कंचन नगर स्थित जुस्को के पानी टंकी की बाउंड्री में गुलमोहर का विशाल पेड़ लगा था। पानी टंकी के बाउंड्री से सट कर ही संतोष का मकान है। संतोष के मकान के आंगन में टीन का शेड लगा है। उसी शेड के नीचे तिया देवी अपनी 9 माह की बेटी रोशनी को गोद में लेकर आंगन में बैठकर कमरे के अन्दर रोटी पका रही रेखा देवी से बात कर रही थी। रेखा का तीन साल का बेटा अंकित कमरे में खेल रहा था। इसी दौरान तेज आंधी तूफान के साथ पेड़ टीन शेड और कमरों की दीवार को तोड़ते हुए तिया देवी के ऊपर जा गिरा। पेड़ गिरते ही रोशनी की जोर-जोर से रोने की आवाज आई और वह शांत हो गई। चिल्लाने की आवाज सुनकर आस-पास के लोग दौड़े और किसी तरह पेड़ को हटा कर तिया देवी, रोशनी को बाहर निकाला और इलाज के लिए हॉस्पिटल लेकर भागे। जहां डॉक्टर्स ने रोशनी को मृत घोषित कर दिया जबकि तिया देवी गंभीर रूप से घायल हैं। पेड़ गिरने से अंकित, रेखा देवी और पड़ोसी विभा देवी भी घायल हैं।