जमशेदपुर (ब्यूरो): सावन का महीना एक मस्ती और उमंग लेकर आता है। चारों ओर हरियाली की जो चादर बिछ जाती है, उसे देख कर सबके मन झूम उठते हैं। राजस्थानी महिलाओं के तीज त्योहार सावन के सुहाने मौसम से ही शुरू होते हैं। परंपराओं और विविधता से भरे अपने देश में कई तीज प्रसिद्ध हैं।

शाम चार बजे से आयोजन

लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर प्रीमियम और अग्रवाल युवा मंच के संयुक्त तत्वाधान में आगामी 21 जुलाई की शाम 4 बजे से कजरी तीज व सिंधारा का आयोजन किया जा रहा है। साकची के अग्रसेन भवन में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में महिलाओं के लिये झूला लगाया जा रहा है। लायंस क्लब की अध्यक्ष नेहा चौधरी ने बताया कि महिलाओं के लिए मेहंदी और विभिन्न शृंगार की व्यवस्था की गई है। सोलह श्रृंगार के साथ महिलाएं रैंप वॉक करेंगी। तंबोला के साथ अन्य कई तरह के गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। लायंस की सचिव ममता मुनक्का ने बताया कि सर्वश्रेष्ठ वेशभूषा पर पुरस्कार दिये जाएंगे। चूड़ी, चूरन और कई तरह के फूड स्टॉल भी लगाए जा रहे हैं। आयोजन स्थल की सजावट सावन की थीम पर की जा रही है। कार्यक्रम के लिए ड्रेस कोड हरा, नीला, पीला और रानी रंगों का निर्धारण किया गया है। लायंस की कोषाध्यक्ष सपना भाऊका ने बताया कि कार्यक्रम में लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर प्रीमियम, पूर्वी सिंहभूम जिला अग्रवाल सम्मेलन और अग्रवाल युवा मंच की कोई भी महिला सदस्य भाग ले सकती है।

किया जा रहा आमंत्रित

सदस्याओं के अलावा अन्य राजस्थानी महिलाओं को भी आमंत्रित किया जा रहा है, किंतु इंट्री केवल प्रवेश पत्र के द्वारा मान्य होगी। प्रवेश पत्र बिष्टुपुर में मनीषा मुरारका, काशीडीह में रजनी बंसल, साकची में अंजू चेतानी, आदित्यपुर में ममता मूनका, जुगसलाई में सपना भाऊका, नेहा चौधरी, गोलमुरी में रूपा अग्रवाल, मानगो में निधि अग्रवाल एवं रश्मि झाझरिया के पास उपलब्ध हैं। अग्रवाल युवा मंच की उपाध्यक्ष मनीषा मुरारका ने कहा कि हर प्रतिभागी को घेवर प्रदान किए जाएंगे। सचिव रजनी बंसल ने कहा कि समाज की कुछ विशिष्ट महिलाओं को अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जा रहा है।