sanam.singh@inext.co.in

JAMSHEDPUR: जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी (जेएनएसी) सोनारी स्थित दोमुहानी में अर्बन हॉट, सुंदर पार्क, पार्किग स्पेस और बैंक्वेट हॉल बनाएगी। इसमें साढ़े छह करोड़ रुपए खर्च किए जाने का अनुमान है। इसके लिए जेएनएसी अधिकारियों ने पत्राचार कर टाटा स्टील से एनओसी मांगा है। जेएनएसी के स्पेशल ऑफिसर संजय पांडेय ने बताया देश की औद्योगिक राजधानी मुंबई की तर्ज पर दो मुहानी मरीन ड्राइव को विकसित किया जाएगा।

नौ एकड़ जमीन की जरूरत

दो मुहानी पर अर्बन हाट, पार्क, पार्किंग और बैंक्वेट हॉल बनाने के लिए करीब नौ एकड़ जमीन की जरूरत होगी। इस योजना के लिए टाटा कंपनी ने तीन एकड़ जमीन पर पहले ही एनओसी दे दिया है। इस बार छह एकड़ जमीन पर एनओसी की मांग की गई है। योजना के तहत 2.5 एकड़ में पार्क, 2.5 एकड़ में बैंक्वेट हॉल, 2 एकड़ में अरबन हाट और 2.2 एकड़ में पार्किग का निर्माण किया जाएगा।

ऐसा होगा अर्बन हाट

अर्बन हाट में क्राप्ट से लेकर विभिन्न व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। अर्बन हाट को कलरफुल व्यू दिया जाएगा। यहां हैंडीक्राप्ट और झारखंड में चल रहे घरेलू और कुटीर उद्योगों से निर्मित सामग्री के स्टॉल बनाए जाएंगे। इसमें झारखंड की छटा दिखाई जाएगी। इसके अलावा अगल-अलग समान के लिए दुकानें व फूड प्वाइंट विकसित किए जाएंगे।

दो साल पहले भी मिला था आदेश

झारखंड सरकार द्वारा विगत वर्ष 2016 को जेएनएसी को अरबन हाट बनाने आदेश दिया गया था। जेएनएसी विशेष अधिकारी दीपक सहाय को इसकी जिम्मेदारी दी गई थी, इसके लिए कदमा शास्त्री नगर को चयनित किया जाएगा। लेकिन योजना परवान नहीं चढ़ अब स्थान परिवर्तित कर इसे दो मुहानी में सिफ्ट कर दिया गया है।

सुबह-शाम गुलजार रहेगा बाजार

दोमुहानी पर अर्बन हाट और पार्क बनने से सुबह-शाम गुलजार रहेगा। यहां सुबह के समय मार्निग वाकर के साथ ही शाम के वक्त घूमने और बाजार में खरीदारी करनेवालों की भीड़ उमड़ेगी। पदाधिकारियों ने बताया कि अर्बन हॉट बाजार को मार्डन तरीके से तैयार किया जाएगा जिससे यहां पर घूमने आए लोगों को एक छत के नीचे खाने-पीने और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी मिल सके।

अर्बन हाट व पार्क बनाने का काम जल्दी ही शुरू कर दिया जाएगा। इसके लिए पत्राचार चल रहा है। जमीन के लिए टाटा स्टील ने एनओसी देने पर सहमती दे दी है। डीपीआर भी बना कर भेज दिया गया है। नगर विकास विभाग को इसका काम सौंपा गया है।

-संजय कुमार, स्पेशल ऑफिसर, जेएनएसी