छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: छोटा गोविन्दपुर के सुन्दरहातु निवासी 45 वर्षीय राजू पिंगुआ की मौत हुडको डैम में डूबने से सोमवार की दोपहर हो गई। पुलिस ने शव को पानी से निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया।

यह है पूरा मामला

राजू पिंगुआ छोटा-मोटा काम करता था। बारिश की वजह से दो दिनों से उसे काम नहीं मिल रहा था इस कारण वह दो दिनों से काम में नहीं जा रहा था। सोमवार की दोपहर वह हुडको डैम में घोंघा पकड़ने के लिए गया था। पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण राजू का पांव पानी में फिसल गया और वह डूबने लगा। वह मदद के लिए चिल्लाने लगा। लेकिन पानी की गहराई ज्यादा होने के कारण डैम के किनारे नहा रहे लोग उसे बचाने की हिम्मत नहीं जुटा सके। घटना की जानकारी हुडको डैम में मौजूद सिक्युरिटी ने टेल्को पुलिस को दी। इसके तुरंत बाद अग्निशमन विभाग के अधिकारी व पुलिस मौके पर पहुंचे और राजू पिंगुआ को पानी से बाहर निकाला। राजू की पत्नी छह माह पहले उसे छोड़कर चली गयी है। राजू अपनी 80 वर्षीय बूढ़ी मां के साथ रहता था।

बूढ़ी हड्डी को कौन सहारा देगा

जिस उम्र में बूढ़े मां-पिता का सहारा बेटा होता है। उस उम्र में 80 वर्षीय मां का बेटा राजू पिंगुआ इस दुनिया को छोड़ कर चला गया। इस बात की जानकारी जब बस्ती के लोगों ने राजू की मां को दी तो उसका रो-रो कर बुरा हाल है। वह रोते हुए कहने लगी कि वे दोनों मां बेटा रूखी सुखी खा कर किसी तरह अपना जीवन गुजर बसर कर रहे थे। उसे अपने बेटे का ही सहारा था। अब इस बूढ़ी हड्डी को कौन सहारा देगा। उसका बेटा इस दुनिया से चला गया अब वह किसके सहारे इस दुनिया में रहेगी।