- सिटी के डोरंडा, रातू रोड, मोरहाबादी, कांटाटोली, हटिया व बरियातू से मिले नए मरीज

- कोरोना के 1173 नए मरीज मिले, 10 लोगों की मौत

- राज्य के 23 जिलों से 736 मरीज हुए स्वस्थ, सभी को किया गया डिस्चार्ज

रांची: झारखंड में कोरोना के मरीजों के ठीक होने की दर लगातार सुधर रही है। बुधवार को रांची में जहां 100 मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली वहीं पूरे स्टेट से 736 मरीज स्वस्थ हुए। सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई, जिसके बाद उन्हें विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज किया गया। इस बीच रांची से 173 नए मरीज भी मिले हैं। सिटी के जिन इलाकों से कोरोना के नए मरीजों की पुष्टि हुई है, उनमें डोरंडा, रातू रोड, मोरहाबादी, कांटाटोली, हटिया व बरियातू शामिल हैं। इन सभी इलाकों में कांटैक्ट ट्रैसिंग शुरू हो चुकी है।

दस लोगों की हुई मौत

कोरोना से बुधवार को राज्य भर के चार जिलों से 10 लोगों की मौत हो गई। अकेले जमशेदपुर में छह लोगों की जान चली गई। वहीं बोकारो में 2, देवघर में एक तथा रांची में एक की मौत कोरोना से हुई। रांची के रिम्स में इलाजरत 4 और सैमफोर्ड अस्पताल में भर्ती एक मरीज ने दम तोड़ दिया है। इनमें बोकारो के दो और रांची व देवघर के एक-एक मरीज थे।

इन जिलों से मिले मरीज

झारखंड में बुधवार को 1137 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 173, बोकारो से 38, चतरा से 7, देवघर से 42, धनबाद से 133, दुमका से 13, पूर्वी सिंहभूम से 132, गढ़वा से 72, गिरिडीह से 81, गोड्डा से 4, गुमला से 24, हजारीबाग से 167, जामताड़ा से 6, खूंटी से 15, कोडरमा से 26, लातेहार से 35, लोहरदगा से 16, पाकुड़ से 3, पलामू से 14, रामगढ़ से 33, सहिबगंज से 31, सरायकेला से 8, सिमडेगा से 32, पश्चिमी सिंहभूम से 32 मरीज शामिल हैं। राज्य में अब कोरोना का कुल आंकड़ा 33311 पहुंच गया है। हालांकि 22486 मरीजों के ठीक होने के बाद अब एक्टिव केसेज की संख्या 10463 रह गई है।