रांची (ब्यूरो) । श्री श्याम मित्र मंडल के द्वारा शनिवार को हरमू रोड के श्री श्याम मंदिर में वृहद 53वां श्री श्याम भंडारे का आयोजन किया गया। वृहद श्याम भंडारे में लगभग 3000 श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में रॉबर्ट्सगंज निवासी दुर्गा प्रसाद अग्रवाल व उषा अग्रवाल ने परिवार संग श्री श्याम भंडारे की सेवा निवेदित की। मंडल के अध्यक्ष सुरेश सरावगी के मार्गदर्शन में मंदिर में ही भंडारे का प्रसाद निर्मित किया गया। भंडारे के वितरण के समय से पहले ही भक्तों का आगमन प्रारंभ हो गया था।

भोग अर्पित किया

महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया की अगुवाई में यजमान परिवार ने खाटू नरेश सहित मंदिर में विराजमान सभी देवी देवताओं व गुरुजनों को भंडारे का भोग अर्पित किया। आओ आओ भोग लगाओ बाबा श्याम जी रुच रुच भोग लगाओ बाबा श्याम जी जैसे भजनों का गायन करके भोग स्वीकार करने की मनुहार की गई। इसके बाद भोग लगे प्रसाद को विशाल भंडारे में मिश्रित करके महाप्रसाद बनाया गया। मंदिर के आचार्यों को सर्वप्रथम भंडारे का प्रसाद खिला कर भंडारे का प्रसाद वितरण प्रारंभ किया गया। श्री श्याम मंदिर परिसर खाटू नरेश की जय जयकारों से गूंज रहा था। हरमू रोड में भक्तों की लंबी लंबी कतारें लगी रही।

स्वयंसेवकों ने सहयोग किया

53वें श्री श्याम भंडारे में केसरिया जलेबी जीरा पुलाव भुजिया आलू चना कद्दू की मिश्रित सब्जी का प्रसाद निर्मित किया गया था। मंडल के अध्यक्ष सुरेश सरावगी, महामंत्री विश्वनाथ नारसरिया, पूर्व सांसद अजय मारू, श्रवण ढानढनिया, प्रदीप राजगढिय़ा, गौरव अग्रवाल, मोनू श्याम सुंदर शर्मा, अमित सरावगी, अनिल नारनौली, राजेश सिंघानिया सहित 50 से ज्यादा कार्यकर्ता स्वयंसेवकों ने व्यवस्था में सहयोग किया।