RANCHI:राज्य भर में जहां एक ओर कोरोना के नए मरीजों के मिलने का सिलसिला थमता नजर आ रहा है, वहीं रांची में केसेज कम नहीं हो रहे हैं। लगातार सौ के करीब नए संक्रमितों की पहचान हो रही है। बुधवार को भी रांची में 97 लोगों में इन्फेक्शन पाया गया। वहीं रांची के 75 लोगों ने कोरोना को मात देकर विभिन्न अस्पतालों से डिस्चार्ज हासिल किया। राज्य के चार जिले चतरा, पाकुड़, साहिबगंज और सिमडेगा में एक भी संक्रमित नहीं मिले। वहीं बीस जिलों में कुल 191 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस बीच रांची में दो और धनबाद में एक मरीज की कोरोना से मौत हो गई।

यहां से मिले इतने मरीज

झारखंड में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के अनुसार 191 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई, जिसमें रांची से 97, बोकारो से 14, देवघर से 5, धनबाद से 16, दुमका से 4, पूर्वी सिंहभूम से 10, गढ़वा से 5, गिरीडीह से 4, गोड्डा से 1, गुमला से 1, हजारीबाग से 10, जामताड़ा से 2, खूंटी से 1, कोडरमा से 4, लातेहार से 1, लोहरदगा से 2, पलामू से 5, रामगढ़ से 1, सरायकेला से 3, पश्चिमी सिंहभूम से 5 मरीज शामिल हैं।

1739 एक्टिव केसेज

राज्य में अब तक 110830 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है। इसमें 108100 संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं। इन्हें अस्पतालों से डिस्चार्ज भी किया जा चुका है। अब तक कोरोना से 991 लोगों की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य भर में 1739 एक्टिव केसेज बचे हैं।