रांची में कोरोना के नए संक्रमितों की संख्या हर रोज सौ के आसपास रह रही है। रविवार को भी रांची में 86 नए संक्रमितों की पहचान हुई। वहीं 87 ने कोरोना को मात भी दी। इन्हें विभिन्न अस्पतालों से छुट्टी भी मिली। दूसरी ओर, राज्य के विभिन्न जिलों में रविवार को कुल 12,316 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 145 संक्रमित पाए गए। राहत की बात यह है कि जहां सात जिलों में कोई संक्रमित नहीं मिला, वहीं आठ जिलों में महज एक-एक संक्रमित ही मिले। जिन जिलों में एक भी संक्रमित नहीं मिला उनमें पाकुड़, चतरा, गोड्डा, खूंटी, लोहरदगा, साहिबगंज तथा सरायकेला खरसावां शामिल हैं। वहीं, देवघर, दुमका, गढ़वा, गिरिडीह, जामताड़ा, रामगढ़, सिमडेगा तथा पश्चिमी सिंहभूम में महज एक-एक नए संक्रमित मिले।

सबसे ज्यादा संक्रमित रांची में

रांची में एक बार फिर सबसे अधिक 86 नए संक्रमित मिले। इसके बाद पूर्वी सिंहभूम में भी 23 नए मरीज मिले। शेष जिलों में मिलने वाले मरीजों की संख्या दस से कम है। इधर, राज्य के विभिन्न जिलों में 169 मरीज स्वस्थ भी हुए। हालांकि, धनबाद तथा पलामू में एक-एक मरीज की मौत हो गई। नए संक्रमितों की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 1,448 हो गए हैं।

यहां से मिले इतने संक्रमित

झारखंड में रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार 145 कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई। इसमें रांची से 86, बोकारो से 7, देवघर से 1, धनबाद से 7, दुमका से 1, पूर्वी सिंहभूम से 23, गढ़वा से 1, गिरिडीह से 1, गुमला से 5, जामताड़ा से 1, कोडरमा से 1, लातेहार से 2, पलामू से 6, रामगढ़ से 1, सिमडेगा से 1, पश्चिमी सिंहभूम से 1 संक्रमित शामिल हैं।

दो की हुई मौत

रविवार को कोरोना संक्रमित दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई। इनमें से एक धनबाद और एक पलामू के संक्रमित शामिल हैं। वहीं अब तक राज्य भर में संक्रमण के 116817 मामले सामने आए हैं। इसमें 114302 स्वस्थ हो चुके हैं, जबकि 1047 की मौत हो चुकी है। इस प्रकार अब राज्य भर में 1468 एक्टिव केसेज बचे हैं।