RANCHI : गुरुवार की दोपहर 1.30 बजे का वक्त था। आजसू पार्टी के मोरहाबादी स्थित केंद्रीय चुनाव कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं की भीड़ लगी थी। अंदर कैंपस में लोहरदगा विधायक कमल किशोर भगत और पार्टी के अनिल टाइगर करीब 100 कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर चुनावी हलचल की जानकारी ले रहे थे और हर बूथ की समीक्षा की जा रही थी। इसके साथ ही पार्टी के नेता कार्यकर्ताओं को बूथ मैनेजमेंट के टिप्स दे रहे थे।

मेंटेन हो रही हर दिन की एक्टिविटी

ऑफिस के अंदर तीन लड़कियां रजिस्टर लेकर बैठी थीं। पूछने पर बताया कि वे लोग हर लोकसभा क्षेत्र की गतिविधियों को दर्ज कर रही हैं। उन्होंने बताया कि अनिल ऑफिस का काम देख रहे हैं और अशोक कुमार नाग को रिपोर्ट करते हैं।

पर्ची पहुंचाने की तैयारी

इससे आगे ऑफिस में आजसू के करीब 50 कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुटे हैं। कार्यकर्ता राहुल कुमार ने बताया कि हमलोग पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो के लोकसभा क्षेत्र का रेगुलर दौरा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि हमलोग अभी ऑफिस का काम कर रहे हैं और यह तय कर रहे हैं कि कैसे रांची लोकसभा के सभी बूथों के वोटर्स तक पर्ची पहुंचाई जाए।

सुदेश के आवास पर भी मैनेजमेंट

आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो के कांके रोड स्थित आवास से भी सबकुछ को-ऑर्डिनेट किया जा रहा है। एक कार्यकर्ता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि पार्टी के अधिकतर बड़े नेता सुदेश महतो के आवास से ही काम कर रहे हैं। झारखंड की लगभग सभी सीटों पर आजसू ने प्रत्याशी उतारे हैं। कार्यकर्ता ने बताया कि शाम को जब सुदेश महतो अभियान से वापस आते हैं तो दिनभर की गतिविधियों की जानकारी दी जाती है।