रांची (ब्यूरो)। शुक्रवार को हुए उपद्रव के बाद हिंदू समाज के सदस्यों ने बैठक बुलाई। सदस्यों ने चिंता जताते हुए कहा कि बार-बार हिंदू धर्म पर आघात किया जा रहा है, जिसे समाज के लोग बर्दाश्त नहीं करेंगे। बैठक में शामिल लोगों ने कहा कि कानून हाथ में लेने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। बीजेपी नेता ललित ओझा ने कहा कि यह बहुत बड़ी घटना घटी है। लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री ने पूरे मामले को काफी हल्के तरीके से लिया। बड़ा हुजूम निकलता है जो मंदिर पर हमला करता है। पुलिस वालों को चोटिल करता है, जो यह दर्शाता है कि गवर्नमेंट का सुरक्षा तंत्र पूरी तरह से फेल है। उन्होंने बताया कि आज तक राजधानी रांची में ऐसी कोई घटना नहीं घटी। कई बार जुलूस निकाले गए, प्रदर्शन हुए। लोकतंत्र में हर किसी को अधिकार है अपनी बात रखने का। लेकिन दंगा कर अमन-चैन बिगाडऩे का अधिकार किसी को नहीं है।
धार्मिक संगठनों ने बंद किया
हिंदू संगठनों द्वारा बुलाए गए बंद को आम लोगों ने सफल बताया है। ललित ओझा ने कहा कि श्री महावीर मंडल रांची, रांची दुर्गा पूजा समिति, सनातन महापंचायत, फेडरेशन ऑफ चैंबर, रामनवमी श्रृंगार समिति समेत अन्य सभी धार्मिक संगठनों ने रांची में बंद को सफल बनाया है। दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष अशोक पुरोहित ने इस घटना को राजधानी रांची के लिए बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने दंगा करने वाले सभी उपद्रवियों की पहचान कर उन्हें कड़ी सजा देने की मांग की है।

सरकार हमारे मंदिर और लोगों को सुरक्षा नहीं दे सकती तो महावीर मंडल मुहल्ले स्तर पर धार्मिक क्लब का गठन कर इसकी रक्षा करेगा। इतनी बड़ी घटना से स्पष्ट है कि सरकार फेल है। उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए।
-ललित ओझा, बीजेपी नेता

रांची नगर निगम मेन रोड में हर रोज सफाई करता है। फिर इतने बड़े-बड़े पत्थर आए कहां से। उपद्रवियों पर कार्रवाई होनी चाहिए। राजधानी रांची के लिए यह घटना काफी दुर्भाग्यपूर्ण है।
- अशोक पुरोहित, दुर्गा पूजा समिति

प्रशासन की तैयारी पूरी तरह फेल नजर आती है, जिसका खामियाजा पुलिस को भी झेलना पड़ा है। कई पुलिस कर्मी घायल हुए हैं। बार-बार ऐसी घटनाएं हो रही हैं। हिंदू संगठन चूप नहीं बैठेगा।
-मुनचुन राय, बीजेपी नेता

सरकार एक ओर जगन्नाथ पुर मेला पर रोक लगाती है, वहीं दूसरी और हजारों की संख्या में दूसरे समुदाय के लोग सड़क पर निकल जाते हैं। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सभी दोषियों पर कार्रवाई हो।
- संजय जायसवाल, बीजेपी नेता

देश भर में ऐसी घटनाएं घट रही हैं। सुनियोजित तरीके से पूरे राष्ट्र मेें दंगा भड़काया जा रहा है। रांची में प्रशासन और खुफिया तंत्र फेल रहा है। दंगाइयों पर कार्रवाई हो, यही हमारी मांग है।
- चंदन प्रजापति, बीजेपी नेता