RANCHI : झारखंड के विकास का सवाल है। इसे लेकर आजसू ने विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया है। सशक्त झारखंड और समृद्ध झारखंड नाम के इस डॉक्यूमेंट का सोमवार को लोकार्पण हुआ। इस मौके पर आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि इस विजन डॉक्यूमेंट में झारखंड की हरियाली और विकास छिपा है। इसमें पार्टी का संकल्प है और हर हाल में इसे साकार करेंगे। इस मौके पर राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवाणी, राज्यसभा के पूर्व सदस्य साबिर अली, झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव अशोक कुमार सिंह, एमएलए चंद्रप्रकाश चौधरी, कमल किशोर भगत, नवीन जायसवाल, रामचंद्र सहिस, उमाकांत रजक के अलावा आजसू के प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत, पूर्व वीसी डॉ शीन अख्तर और डॉ एसपी सिंह और झारखंड राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष व नेत्री हेमलता एस मोहन भी मौजूद थीं।

डॉक्यूमेंट में नौ विजन

आजसू के सशक्त झारखंड और समृद्ध झारखंड डॉक्यूमेंट में नौ विजन रखे गए हैं। इसमें सुशासित झारखंड, सुरक्षित झारखंड, सुशिक्षित झारखंड, सुविकसित झारखंड, सुदर्शन झारखंड, सुनिर्मल झारखंड, सुस्वास्थ्य झारखंड, सुजलाम सुफलाम झारखंड और सुकल्याणकारी झारखंड शामिल है। आजसू का दावा है कि इस डॉक्यूमेंट में झारखंड के विकास का रोड मैप है। इस विजन डॉक्यूमेंट को पार्टी के बुद्धिजीवी मंच ने तैयार किया है।

जनता के बीच ले जाएंगे

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर इस विजन डॉक्यूमेंट को जनता के बीच ले जाया जाएगा। आजसू का मकसद जनता को यह बताना है कि झारखंड के विकास के लिए पार्टी के पास क्या प्लान है। इस विजन डॉक्यूमेंट में नीति आधारित सरकार, न्यूनतम प्रशासनिक हस्तक्षेप, मुख्यमंत्री सचिवालय से लेकर ग्राम पंचायत तक ई गवर्नेंस, सिटीजन चार्टर, ई टेंडर, इंटरनेट के माध्यम से संपूर्ण जवाबदेही, 2 साल से अंदर लैंड रिका‌र्ड्स का कंप्यूटरजाइजेशन, सशक्त लोकपाल और फास्ट ट्रैक कोर्ट को सुशासित झारखंड की झलक है। जन सेवा को समर्पित सरकार, अपराध मुक्त राज्य, संपूर्ण साक्षरता, अधिकतम रोजगार, गांवों में बेसिक फैसिलिटीज , स्मार्ट सिटी बनाने, पूंजी निवेश को लेकर झारखंड को एक नंबर पर लाने, पर्यटन के नक्शे पर स्थापित करने, स्वच्छ सुंदर और हरा-भरा झारखंड, सर्व सुलभ इलाज और सबकी खुशहाली, झारखंड को पूर्वी भारत के बागवानी केन्द्र के रूप में स्थापित करने के साथ सबको न्याय और सबको अवसर देने की बात इस विजन डॉक्यूमेंट की खासियत है।

हमारा संकल्प है विजन डॉक्यूमेंट

आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि यह विजन डॉक्यूमेंट उनकी पार्टी का संकल्प है। पार्टी के विचारों और सपनों को इसमें जगह दी गई है। यह झारखंड के विजन का दस्तावेज है। इसे हर हाल में पूरा करेंगे। पिछले 14 सालों में झारखंड का जितना विकास होना चाहिए था, वहीं नहीं हुआ है। अब इस विजन डॉक्यूमेंट के माध्यम से झारखंड में विकास की इबादत लिखी जाएगी।

विजन डॉक्यूमेंट को धरातल पर उतारने की जरूरत

विजन डॉक्यूमेंट में जो बातें कही गई हैं, वह झारखंड की जरूरत है। इस डॉक्यूमेंट का मकसद तभी पूरा होगा, जब इसे धरातल पर उतारा जाएगा। उम्मीद है कि आजसू इसे पूरा करेगी। झारखंड के पूर्व मुख्य सचिव अशोक कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि आजसू इसे पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि अस्थिर सरकार और अवसरवादी नेताओं के कारण झारखंड की बदहाली हुई है।

रिजनल पार्टीज कर सकती है विकास

यह कहना कि सिर्फ नेशनल पार्टीज ही देश व राज्य का विकास कर सकती है, सही नहीं है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल जैसे राज्यों में रिजनल पार्टीज की सरकार ने विकास के कई काम किए हैं। राज्यसभा के सदस्य परिमल नाथवानी

झारखंड का विकास हो इसके लिए जरूरी है कि यहां पर अच्छे से काम किया जाए।

देश का कोहिनूर राज्य बन सकता है झारखंड

जब बिहार से अलग होकर झारखंड बना तो हमलोगों को लगा कि यह राज्य देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा, लेकिन पिछले 14 सालों में झारखंड की बदहाली ही हुई है। राज्यसभा के पूर्व सदस्य साबिर अली ने कहा कि झारखंड के पास वह सबकुछ है, जो इसे कोहिनूर राज्य बना सकता है। उम्मीद है कि सुदेश कुमार महतो के नेतृत्व में आजसू इसे पूरा करेगी।