रांची (ब्यूरो)। लोक सेवा समिति के अध्यक्ष मो नौशाद खान ने बताया कि इस बार झारखंड रत्न के लिए शिक्षा के क्षेत्र से समरजीत जाना (प्रिंसिपल, जेवीएम श्यामली), सेंट जेवियर कॉलेज, दीपक बाड़ा (डॉक्युमेंट्री फिल्म मेकर), सीआर हेम्ब्रम (चित्रकार), डॉ जमील अख्तर (चाइल्ड स्पेशलिस्ट) और डॉ त्रिवेणी नाथ साहू का चयन किया गया है। इन सभी को 27 मार्च को प्रेस क्लब में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा। समिति का यह 31वां वर्षगांठ समारोह है। इस वर्ष समिति के सेवा कार्य में समर्पित 4 सदस्यों को प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित करने का फैसला लिया गया है।
इन्हें किया गया है समर्पित
लोक सेवा समिति ने इस बार सम्मान समारोह को झारखंड रत्न डॉ भुवनेश्वर अनुज और डॉ गिरिधारी राम गौंझू को समर्पित किया है। विशिष्ट सेवा से सम्मानित किए जा रहे लाल प्रवीर नाथ शाहदेव अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के प्रत्यक्ष उत्तराधिकारी हैैं। उन्हें झारखंड स्वतंत्रता सेनानी कोष (गृह मंत्रालय, झारखंड सरकार) का सदस्य बनाया गया है। वे जगन्नाथपुर मंदिर के सेवक भी हैैं और लगातार झारखंड के अमर शहीदों के परिजनों के लिए आवाज बुलंद करते आए हैैं। वहीं झारखंड रत्न से सम्मानित होने जा रहे जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली रांची के प्रिंसिपल समरजीत जाना ने शिक्षा के क्षेत्र में एक अलग पहचान स्थापित की है। उन्होंने सीबीएसई से संबंधित शिक्षा के बहुमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किया है। कई सेमिनार में उन्होंने शिक्षा को लेकर अपना वीजन भी प्रस्तुत किया है। आज झारखंड समेत देश भर में शिक्षा के क्षेत्र में उन्हें सम्मान के साथ देखा जाता है। इनके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए रांची के सेंट जेवियर कॉलेज को भी झारखंड रत्न सम्मान के लिए चुना गया है। पिछले 77 सालों से सेंट जेवियर कॉलेज झारखंड के गौरव के रूप में स्थापित है। इस कॉलेज से पढ़कर बड़ी संख्या में राजनेता, अफसर, खिलाड़ी, शिक्षाविद और समाजशास्त्री अपने ज्ञान और कौशल से लोगों के लिए सराहनीय कार्य कर चुके हैैं