रांची(ब्यूरो)। सिटी में बच्चों के गायब होने के मामले लगातार बढ़ रहे हैैं। जिन घरों के बच्चे गायब हुए हैैं, उनके परिजन इसे बच्चा चोरी का मामला कह रहे हैैं। हालांकि, पुलिस इसे लापता हो जाने या फिर घर से बिना बताए कहीं भाग जाने का मामला बता रही है। इस बीच सवाल यह उठ रहे हैैं कि आखिर बच्चे जा कहां रहे हैैं?
सुखदेवनगर में ज्यादा मामले
सुखदेव नगर थाना क्षेत्र से हाल ही में ऐसी खबर आई, जिसमें गायब होने के बाद परिजनों ने बच्चा चोरी होने का आरोप लगाया। जैसे ही खबर बाहर आई, मोहल्ले के लोग सहम गए। रातू रोड के रहने वाले दयाल राय ने बताया कि शाम पांच बजे बच्चा बाहर खेल रहा था। लेकिन रात नौ बजे तक जब वह नहीं लौटा, तो उसे ढूढंने निकले लेकिन कोई अता-पता नहीं चला। थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। कुछ दिन पहले हटिया, डोरंडा और अरगोड़ा से भी बच्चियों के गायब होने की खबरें सामने आई हैं। लगातार इस तरह के खबरों के आने से पुलिस के लिए भी चुनौती खड़ी हो गई है।
छोटे बच्चे निशाने पर
सिटी में अधिकतर आठ से 12 साल के बच्चे गायब हो रहे हैैं। लेवी वसलूने के लिए बच्चों की किडनैपिंग का भी मामला सामने आ चुका है। कुछ बच्चों की चोरी कर उन्हें दूसरे शहर में बेचने की भी बात पुलिस फाइल में दर्ज हुई है। इसके बाद रिंकू साहू और कैलाश कुमार को गिरफ्तार किया गया है। दोनों जेल में बंद हैं। इन पर बच्चा चोरी कर बिक्री करने का आरोप पहले से रहा है। लेकिन इनके गिरोह के दूसरे सदस्य अब भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैैं।
अफवाह भी कम नहीं
बच्चों के गायब होने के बाद उनकी चोरी की अफवाह भी तेजी से फैल रही है। इस आरोप में किसी न किसी व्यक्ति की पिटाई कर दी जाती है। भीड़ बिना कुछ सोचे-समझे बच्चा चोर कह कर जान लेने पर उतारू हो जाती है।
पुलिस ने किया अलर्ट
पुलिस इस तरह के केसेज पर आम लोगों से संयम बरतने की अपील कर रही है। रांची पुलिस ने बच्चा चोरी जैसे मामले से इंकार करते हुए लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। हालांकि, जिनके बच्चे अभी तक नहीं मिले हैैं, वे इरादतन किसी के द्वारा अपने बच्चे की चोरी की बात कह रहे हैैं।

केस स्टडी
29 दिसंबर
सुखदेवनगर थाना स्थित रातू रोड में रहने वाले दयाल राय के पुत्र प्रतीक अपने घर के बाहर से गायब हो गया। खोजबीन के बाद भी पता नहीं चलने पर सुखदेवनगर थाने में मामला दर्ज कराया गया।

18 दिसंबर
डोरंडा की रहने वाली 17 वर्षीय आकांक्षा थापा गायब हो गई। आकांक्षा का फोन भी ऑफ हो गया था। आकांक्षा के माता-पिता ने लोकल थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

06 दिसंबर
कांटाटोली बस स्टैड से मो अली नामक 15 साल का बच्चा गायब हो गया। काफी प्रयास के बाद दिल्ली के पहाडग़ंज से बच्चा का पता चला।