रांची (ब्यूरो): मुख्यमंत्री ने सभी सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज का दिन आपके लिए खुशी और संकल्प लेने का दिन है। आपको नई जिम्मेदारी मिल रही है। हमारा राज्य विकास के क्षेत्र में कैसे अग्रणी बने, इसमें आपकी अहम जिम्मेदारी होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिविल सेवा की परीक्षाओं में लाखों परीक्षार्थी शामिल होते हैं, लेकिन सफल होने वालों की संख्या बहुत कम होती है। आप उन सफल अभ्यर्थियों में शामिल हैं। आप लंबे समय से जिस पल का इंतजार कर रहे थे वह आ चुका है। आपको नियुक्ति पत्र मिल रहा है, क्योंकि आपको राज्य को नई दिशा देने के लिए चुना गया है।

ईमानदारी से प्रयास करना है

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के साथ जुडक़र आप अपने कर्तव्य को निभाने के लिए तैयार रहें। युवा अधिकारियों से राज्य की जनता को काफी उम्मीदें हैं। ऐसे में राज्य को विकसित राज्यों की श्रेणी में लाने के लिए हम सभी को मिलजुल कर पूरी ईमानदारी के साथ प्रयास करना है। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त अधिकारियों से कहा कि हम आपका ख्याल रखेंगे आप हमारे राज्य का ख्याल रखें।

बहाली का सिलसिला शुरू

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य के रूप में झारखंड के बने दो दशक से ज्यादा हो गए। लेकिन, कभी नियुक्ति नियमावली नहीं बन पाई। हमारी सरकार ने ना सिर्फ नियुक्ति नियमावली बनाई, बल्कि क्रमबद्ध और योजनाबद्ध तरीके से पूरी तेजी के साथ खाली पदों को भरने का अभियान शुरू कर चुके हैं और यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा।

प्रमोशन का भी रास्ता साफ

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अधिकारियों के प्रमोशन का भी मामला लंबे समय से लंबित था। हमारी सरकार अधिकारियों को अब प्रमोशन दे रही है। प्रमोशन मिलने से जहां अधिकारियों का मनोबल बढ़ेगा, वहीं निचले स्तर पर जो पद खाली होंगे, उस पर नई नियुक्ति का रास्ता भी साफ होगा।