रांची (ब्यूरो): गेल इंडिया द्वारा बोकारो धामरा अंगुल मेन पाइप लाइन से अनगड़ा स्थित फिलिंग स्टेशन को जोड़ दिया गया। अब सीएनजी के लिए रांची के लोगों को बोकारो पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। रांची के सीएनजी स्टेशन से ही उनको गैस मिल जाएगी। रांची के स्टेशन से सप्लाई चालू हो गई है। सीएनजी स्टेशन को यहां आवश्यकता अनुसार सप्लाई मिलने लगी है। बोकारो से सीएनजी मंगाने के कारण रांची के पेट्रोल पंप वालों को ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट भी बहुत महंगा पड़ जाता है। अब जब अनगड़ा के स्टेशन से ही सीएनजी लाना पड़ेगा तो उनको ट्रांसपोर्टेशन सस्ता पड़ेगा।

रोज 6000 किलो सप्लाई

वर्तमान में अनगड़ा स्टेशन से सप्लाई व्यवस्था चालू कर दी गई है। हर दिन रांची शहर में अभी 5000 से 6000 किलो सीएनजी की सप्लाई हो रही है। हलाकि, रांची में अभी भी डिमांड पूरा करने के लिए बोकारो से भी रोज लगभग 10000 किलो सीएनजी मंगाई जा रही है। रांची में हर दिन 12000 किलो से अधिक गैस की डिमांड है

रांची में यहां हैैं सीएनजी स्टेशन

रांची में वर्तमान में ओरमांझी स्थित मधुवन विहार, डोरंडा स्थित खुखरी पंप, हटिया स्थित सकलदीप, हरमू रोड स्थित दुलारी पंप, ओल्ड हजारीबाग रोड स्थित चंडा पेट्रोल पंप और बूटी मोड़ स्थित भारतीय फ्यूल सेंटर में सीएनजी मिल रही है।

दूर होगी परेशानी

रांची के एक सीएनजी बेचने वाले पेट्रोल पंप के ओनर ने बताया कि पहले वे बोकारो और पटना से सीएनजी खरीदते थे, लेकिन कभी-कभी 10 दिनों तक पटना और बोकारो से गाडिय़ां नहीं आती हैैं। बुकिंग और काफी मिन्नत के बाद दुर्गापुर से बड़ी मश्किल से सीएनजी की एक-दो गाडिय़ां आ रही थीं। इस वजह से सीएनजी व्हीकल ओनर्स के बीच नई परेशानी खड़ी हो गई थी। अब रांची में सीएनजी स्टेशन शुरू हो जाने से यह परेशानी दूर हो जाएगी।