रांची(ब्यूरो)। रांची में कोरोना संक्रमण के मामले केवल दस दिनों के भीतर ही बेकाबू हो गए। दिसंबर में जहां 20 तारीख तक इक्का-दुक्का केसेज सामने आ रहे थे, वहीं 24 दिसंबर से संख्या अचानक बढऩे लगी। 24 को रांची में एक्टिव मरीजों की संख्या 100 के पार पहुंच गई थी। वहीं दस दिनों बाद यानी 03 जनवरी को यह संख्या 1651 हो गई। बुधवार की सुबह तक जहां एक्टिव केसेज की संख्या 3370 पहुंच चुकी थी, वहीं लगातार संक्रमण के प्रसार के कारण अस्पतालों में भी मरीजों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है।

32 मरीजों को भर्ती कराया गया

अब स्थिति यह है कि प्रशासन को अस्पतालों में बेड की व्यवस्था में जुट जाना पड़ा है। रांची के सबसे बड़े सरकारी हॉस्पिटल रिम्स के न्यू ट्रॉमा सेंटर में मरीजों की आमद शुरू हो गई है। यहां 32 मरीजों का इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। पेइंग वार्ड में जहां 3 डॉक्टर्स का इलाज चल रहा है, वहीं डेंगू वार्ड में 22 और ट्रॉमा सेंटर के सेकेंड फ्लोर में 7 मरीज भर्ती हैैं। दूसरी ओर, सदर हॉस्पिटल में भी 13 मरीजों को भर्ती कराया गया है। रांची में अभी करीब 4000 संक्रमित हैैं, जिनमें से अधिकतर होम आइसोलेशन में ही हैैं।

रांची के एक संक्रमित की मौत

दिसंबर के अंत तक रांची में कोरोना से किसी की मौत नहीं हुई थी। इससे पहले जून में ही कोरोना से मौत के मामले सामने आए थे। इधर, बुधवार को रिम्स में एक संक्रमित की मौत हो गई। रांची निवासी 46 वर्षीय अशोक ङ्क्षमज को ठंड लगने के बाद तेज बुखार की शिकायत पर रिम्स में भर्ती कराया गया था। चार जनवरी को ही उन्हें भर्ती कराया गया था, जहां बुधवार को उनकी मौत हो गई। इस प्रकार पिछले छह दिनों में रांची में 5 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। मृतक अशोक मिंज का अंतिम संस्कार कोविड प्रोटोकॉल के तहत किया गया।

विधायक भी आए चपेट में

रांची के सांसद संजय सेठ के कोरोना संक्रमण की चपेट में आने के बाद कांके विधायक समरी लाल भी कोरोना की चपेट में आ गए हैैं। उन्हें सीने में दर्द के बाद बुधवार को रिम्स में भर्ती कराया गया है। उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिसके बाद उनका कोविड टेस्ट हुआ। रिपोर्ट पॉजिटिव आई, जिसके बाद उन्हें न्यू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करा दिया गया है।

35 पुलिसकर्मी पॉजिटिव

बुधवार को रांची के एसएसपी सुरेंद्र कुमार झा के आवासीय कार्यालय के 35 पुलिसकर्मी कोरोना से संक्रमित पाए गए। संक्रमित पुलिसकर्मी सायबर सेल, टेक्निकल सेल और क्यूआरटी में कार्यरत हैैं। रांची के एसएसपी पूरे परिवार के साथ इसी कैंपस में रहते हैं। कुल 80 पुलिसकर्मियों का कोरोना टेस्ट हुआ था जिसमें 35 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। दूसरी ओर बुधवार को रांची में ही कोरोना के लगातार मिल रहे मामलों को देखते हुए एयरपोर्ट पर जांच की व्यवस्था सख्त की गई है। रांची एयरपोर्ट पर अब मेडिकल की टीम की संख्या बढ़ा दी गई है। एयरपोर्ट पर कुल 20 मेडिकल स्टाफ और तीन मजिस्ट्रेट तैनात हैं, जहां बाहर से आने वाले हर यात्री की जांच की जा रही है।