RANCHI:रांची समेत राज्य भर में कोरोना संक्रमण के हालात बेहद नाजुक हो गए हैं। गुरुवार को स्थिति सबसे ज्यादा गंभीर नजर आई। इस साल अब तक एक दिन में मिले संक्रमितों की संख्या का रिकॉर्ड टूट गया। रांची में जहां 1393 संक्रमितों की पहचान हुई, वहीं राज्य के सभी 24 जिलों में 3480 मरीज मिले। दूसरी ओर 1325 लोगों ने संक्रमण से मुक्ति भी पाई। वहीं 28 लोगों की मौत भी हुई। सबसे ज्यादा मौत धनबाद में 9 लोगों की हुई। वहीं रांची में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की आधिकारिक संख्या 5 रही।

रांची में 368 हुए रिकवर

रिकवरी के मामले में झारखंड राष्ट्रीय औसत से पिछड़ गया है। पहले जहां 98 फीसदी तक रिकवरी हो रही थी, वहीं अब आंकड़ा 85.47 परसेंट पर पहुंच गया है। नेशनल रिकवरी रेट अब भी 88.30 परसेंट है। रांची में गुरुवार को 368 मरीजों ने संक्रमण से मुक्ति पाई। वहीं जमशेदपुर में 264 लोगों ने कोरोना को मात दी।

कहां से मिले कितने संक्रमित

स्वास्थ्य विभाग द्वारा गुरुवार की रात जारी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट के अनुसार बोकारो में 194, चतरा में 25, देवघर में 156, धनबाद में 136, दुमका में 39, जमशेदपुर में 492, गढ़वा में 41, गिरिडीह में 14, गोड्डा में 57, गुमला में 94, हजारीबाग में 104, जामताड़ा में 33, खूंटी में 73, कोडरमा में 145, लातेहार में 56, लोहरदगा में 37, पाकुड़ में 19, पलामू में 52, रामगढ़ में 96, रांची में 1393, साहिबगंज में 53, सरायकेला-खरसावां में 40, सिमडेगा में 71 और पश्चिमी सिंहभूम में 60 संक्रमितों की पहचान हुई।

सबसे ज्यादा एक्टिव रांची में

रांची में इस वक्त सबसे ज्यादा एक्टिव केसेज हैं। पूरे राज्य में जहां 20651 संक्रमित हैं, वहीं अकेले रांची में 8675 एक्टिव केसेज हैं। वहीं मृतकों की संख्या 335 हो चुकी है। जमशेदपुर में कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 392 है।