रांची(ब्यूरो)। क्रिमिनल्स से आम लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस है। लेकिन, आम लोगों को सुरक्षा देने की बात तो दूर यहां पुलिस खुद अपनी सुरक्षा नहीं कर पा रही है। जी हां, सिटी के क्रिमिनल्स पुलिस पर भारी पड़ रहे हैं। आए दिन अपराधियों के हाथों पुलिसकर्मी पिट रहे हैं। अब ऐसी पुलिस से आम लोगों की सुरक्षा की उम्मीद करना कितना सही है यह तो लोग समझ ही सकते हैं।

छिनतई के आरोपी पीट रहे

बीते दो महीने में तीन ऐसे मामले आए हैं, जहां अपराधी ही पुलिस पर भारी पड़ते दिखे हैं। ताजा मामला बरियातू थाना क्षेत्र का है जहां अपराधियों को पकडऩे गई पुलिस पर ही हमला कर दिया गया। बरियातू थाना के दो दरोगा मोबाइल छिनतई के आरोपियों को पकडऩे गए थे। लेकिन पहाड़ की ओट में छिप कर बैठे अपराधियों ने नुकीले हथियार से वार कर पुलिस को जख्मी कर दिया। दोनों अपराधी भागने में सफल रहे। पुलिस के साथ लगातार ऐसी घटनाएं घट रही है। वहीं, कुछ दिनों पहले ही रात में ड्यूटी से घर लौट रहे एक पुलिस कर्मी पर अपराधियों ने हमला कर उनकी बाइक भी छीन ली। हालांकि थोड़ी देर बाद पुलिस अपराधियों को पकडऩे में सफल रही। वहीं धुर्वा थाना क्षेत्र में बीते महीने बदमाशों ने पुलिस के साथ मारपीट कर गाड़ी में आग लगाने की धमकी तक दे डाली।

पुलिस को जख्मी कर भेजा

राजधानी रांची में अपराध नियंत्रण नहीं हो रहा है। हर दिन कुछ न कुछ क्राइम जरूर हो रहा है। चोरी और छिनतई रोजाना की घटनाओं में शामिल है। छिनतई करने वाला गिरोह हथियार के साथ वारदात को अंजाम देने में जुटा है। बुधवार की शाम ट्यूशन से लौट रहे स्टूडेंट का मोबाइल हथियार दिखाकर छिन लिया गया। मामले की शिकायत बरियातू थाने में की गई। अपराधियों का पता चलते ही पुलिस उन्हें पकडऩे पहुंचीं। लेकिन अपराधियों ने पुलिस वालों को ही घायल कर भेज दिया। रात की गश्ती करने वाले पुलिस के एक जवान ने बताया कि रात में अक्सर इस तरह के लोग मिल जाते हैं, जो पुलिस से उलझने लगते हैं। कई बार हम लोग सिर्फ समझा-बुझा कर छोड़ देते हैं।

केस-1

नामकुम में पुलिस पर हमला

नामकुम थाना क्षेत्र में शराब पी रहे युवकों को खदेडऩे पहुंची पुलिस पर ही बदमाशों ने हमला कर दिया। मामला इतना ज्यादा बढ़ा कि पुलिस को मौके से पीछे हटना पड़ा। हालांकि पुलिस ने बाद में कार्रवाई करते हुए कुछ युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

केस 2

पेट्रोलिंग गाड़ी पर हमला

बीते 19 अक्टूबर को कुछ बदमाशों ने धुर्वा थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी पर हमला कर दिया। बदमाशों ने पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट और गाली गलौज भी की। इतना ही नहीं, गाड़ी में आग लगाने की धमकी तक दे डाली। दारोगा नारायण सोरेन ने पांच लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई है।

केस 3

नुकीले हथियार से हमला

मंगलवार की देर रात बरियातू थाना क्षेत्र स्थित टंकी साइड अपराधियों को पकडऩे गई पुलिस पर आरोपियों ने नुकीले हथियार से हमला कर दिया। पुलिस स्टूडेंट से मोबाइल फोन लूटने वाले बदमाशों को गिरफ्तार करने गई थी। दोनों आरोपियों की पहचान सद्दाम और इरशाद के रूप में की गई है। इस हमले में दारोगा अविनाश कुमार और हेमंत भोक्ता घायल हुए हैं।

पुलिस पर हमला करने वाले बदमाशों को चिन्हित कर लिया गया है। जल्द ही उनकी गिरफ्तारी करके सख्त सजा दिलवाई जाएगी।

-किशोर कौशल, एसएसपी, रांची