- धुर्वा डैम के पास पांच एकड़ में ट्राइबल पार्क बनाया जाएगा

- पर्यटन विभाग द्वारा पार्क के लिए बनाया जा रहा है डीपीआर

- आदिवासी समाज के राजनीतिक, समाजिक, धार्मिक और आर्थिक योगदान को दिखाया जाएगा

- इसी साल पार्क बनाने का काम शुरू होगा

mayank.rajput@inext.co.in

RANCHI (21 Jan)

राजधानी में 5 एकड़ के विशाल क्षेत्र में ट्राईबल पार्क बनाया जाएगा। इस पार्क में राज्य के ट्राइबल लोगों के जीवन का उत्थान, पतन, उनकी लड़ाई, उनकी शादी ब्याह, उनके नाच गाना, इस समाज से आने वाले महान विभूतियों का समाज के निर्माण में क्या योगदान रहा है, ये सब चीजों से जुड़ी जानकारी उस पार्क में उपलब्ध होगी। पर्यटन विभाग द्वारा रांची के धुर्वा डैम पार्क के पास देश का पहला ट्राइबल पार्क बनाया जा रहा है। पर्यटन विभाग द्वारा पार्क बनाने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार किया जा रहा है। डीपीआर तैयार होते ही एजेंसी का चयन होगा और पार्क बनाने का काम शुरू कर दिया जाएगा।

पार्क में आकर जानेंगे कल्चर

झारखंड के पर्यटन निदेशक संजीव बेसरा ने बताया कि पर्यटन विभाग द्वारा एक ट्राइबल पार्क बनाने का निर्णय लिया गया है। इसका डीपीआर बनाने का काम जल्द ही शुरू होगा। पार्क बनाने का मकसद है कि इस पार्क में आकर लोग झारखंड के कल्चर को जान सकें। इस पार्क के अंदर लोग यह देख सकेंगे कि आदिवासियों का रीति-रिवाज क्या है। उस समाज में लोगों का जीवन यापन कैसा है। उस समाज के लोग धार्मिक रीति-रिवाजों को कैसे पूरा करते हैं।

महान विभूतियों का होगा प्रदर्शन

इस विशाल पार्क के अंदर भगवान बिरसा मुंडा, सिदो-कान्हू, चांद भैरव सहित जितने भी स्वतंत्रता सेनानी रहे हैं उनकी मूर्ति भी पार्क के अंदर बनाई जाएगी। साथ ही स्वतंत्रता सेनानियों का क्या योगदान रहा है, उसके बारे में भी पार्क में सारा डिटेल उपलब्ध रहेगा। महान विभूतियों का लाइव चित्रण भी पार्क के अंदर किया जाएगा, ताकि पार्क घूमने आने वाले लोग इन महान विभूतियों के योगदान को देख सकें।

जानेंगे ट्राइबल कल्चर को

डायरेक्टर संजीव कुमार बेसरा ने बताया कि इस ट्राइबल पार्क में इस समाज से जुड़ी हुई हर तरह की एक्टिविटी चाहे उनका धार्मिक हो, राजनीतिक हो या सामाजिक हो, दिखाया जाएगा। इस पार्क में घूमने आने वाले लोग आदिवासी कल्चर को बेहतर तरीके से समझ सकेंगे। इस पार्क के बन जाने से इस समाज द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में जिन विभूतियों ने योगदान दिया है, उनके बारे में भी बताया जाएगा। साथ ही ट्राइबल पार्क में ट्राइबल की ओर से क्या नया इनोवेटिव आइडिया जनरेट किया जा रहा है। उनके समाज में क्या नया चल रहा है यह सारी चीजें मिल जाएगी।

वर्जन

रांची के धुर्वा डैम पार्क के पास पांच एकड़ के क्षेत्र में ट्राइबल पार्क बनाया जाएगा। पार्क बनाने के लिए डीपीआर बनाने के लिए एजेंसी चयन का काम चल रहा है। डीपीआर बनने के बाद एजेंसी चयन का काम होगा और जल्द काम शुरू होगा।

संजीव बेसरा, निदेशक, पर्यटन