रांची(ब्यूरो)। पिछले लगभग दो सालों से लगातार रांची में अलग-अलग जगहों पर फुट ओवरब्रिज बनाने की तैयारी जुडको द्वारा की जा रही है। लेकिन इस दौरान काम करने वाली एजेंसी ही नहीं मिली। अब दो साल बाद फिरायालाल चौक पर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए एजेंसी तैयार हो गई है। बंगाल की एक कंपनी को यहां फुट ओवरब्रिज बनाने का काम दिया गया है। छह महीने के अंदर यहां फुट ओवरब्रिज बन जाएगा। लगभग 18 करोड़ रुपए की लागत से यह पहला फुट ओवरब्रिज रांची में बनेगा।

दूर होगी परेशानी

राजधानी रांची में फुट ओवरब्रिज बनाए जाने हैैं। बढ़ती भीड़ और बार-बार जाम लगने के कारण फूट ओवरब्रिज बनाने का निर्णय लिया गया था। लेकिन बार-बार टेंडर निकालने के बाद भी कोई ठेकेदार या एजेंसी फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए सामने ही नहीं आ रही थी। अब पहला ठेकेदार मिला है।

एस्केलेटर व एलिवेटर की सुविधा

यहां पैदल चलने वालों को एस्केलेटर और एलिवेटर की सुविधा मिलेगी। शॉपिंग मॉल की तर्ज पर लगाये जाने वाले एस्कलेटर से लोग फुट ओवरब्रिज पर चढ़ेंगे और दूसरी ओर उतरने की व्यवस्था होगी। इससे सड़क पर गाडिय़ों का आवागमन भी सुगम होगा।

नौ जगह प्रस्तावित है

राजधानी में कुल नौ जगहों पर एस्केलेटर और एलिवेटर वाला फुट ओवरब्रिज का निर्माण किया जाना है। फिलहाल चार स्थानों न्युक्लियस मॉल के समीप, जीईएल चर्च कॉम्पलेक्स के समीप, किशोरगंज और अल्बर्ट एक्का चौक के समीप फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए टेंडर निकाला गया था। फिरायालाल के लिए एजेंसी का चयन हो गया है। इसके अलावा रातू रोड, बिरसा चौक, हरमू रोड, बिग बाजार, रोस्पा टॉवर के समीप भी फुट ओवरब्रिज बनाने की योजना है।

पहले से ज्यादा व्यस्त हुईं सड़कें

राजधानी रांची की आबादी में पहले से काफी इजाफ ा हो गया है। सड़कें भी पहले से ज्यादा व्यस्त हो गई हैं। रोड पर गाडिय़ों की मूवमेंट भी बढ़ी है। राजधानी बनने के बाद से ही यहां लगातार जनसंख्या में वृद्धि होती चली गई। लेकिन उस अनुसार न तो नई सड़कें बनीं, न फ्लाईओवर और न ही फुट ओवरब्रिज बनाए गए। सड़कों को भी चौड़ा नहीं किए जाने से हर दिन रांची के लगभग हर रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है। सड़क के व्यस्त होने का असर पैदल चलने वाले राहगीरों पर पड़ता है। लोगों को रोड पार करने के लिए काफी इंतजार करना पड़ता है। जल्दबाजी के चक्कर में कई बार लोग एक्सीडेंट के शिकार हो जाते हैं। लोगों को इस तरह की समस्याओं से बचाने के लिए फुट ओवरब्रिज बनाने का निर्णय हुआ है।

दिसंबर 2021 से ही चल रही कवायद

दिसंबर 2021 से ही फु ट ओवर ब्रिज बनाने की कवायद चल रही है। रांची में फुट ओवरब्रिज बनाने की पहल दिसंबर 2021 से ही हो रही है। जुडको को इसके निर्माण की जिम्मेवारी सौंपी गई है। पहले फेज में 2 फु ट ओवर ब्रिज बनाने और एक फु ट ओवर ब्रिज को अपग्रेड करने के लिए जनवरी में टेंडर निकाला गया था। काम लेने वाली कंपनी को 12 महीने में फु ट ओवरब्रिज कंप्लीट करना था।