RANCHI:जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के हटिया स्टेशन के पास से आठ किलो गांजा के साथ चार लोगों को अरेस्ट किया गया है। इनमें दो पुरुष व दो महिलाएं शामिल हैं। इनमें वैशाली के बिरपुर थाना जुरावनपुर का सुंदर कुमार भी शामिल है, जो फिलहाल जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के सोलंकी रोड नंबर चार में रहता है। वहीं, अजुला धनराज विशाखापत्तनम के श्रीकांत नंगर थाना अरिलेवा, सीसाला दुर्गा देवी और कनाका दुर्गा विशाखापत्तनम की रहने वाली हैं। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि रांची में हटिया निवासी पप्पू कुमार को गांजा बेचने आए थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि विशाखापत्तनम से कुछ लोग गांजा लेकर आए हैं और रांची में किसी को बेचने की तैयारी है। इसी आधार पर जगन्नाथपुर थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार सिंह ने टीम का गठन किया और गांजा के साथ चारों को गिरफ्तार कर लिया।

स्थानीय नीति के खिलाफ आक्रोश रैली

मौजूदा स्थानीय नीति को वापस करने की मांग को लेकर झारखंड बचाओ आंदोलन की ओर से रविवार को आक्रोश रैली निकाली गई। मोरहाबादी मैदान से जयपाल सिंह स्टेडियम तक जुलूस निकाल कर स्थानीय नीति का विरोध किया गया। इसमें भारी संख्या में आदिवासी युवक युवतियों ने हिस्सा लिया। फादर डी कुजूर ने कहा कि झारखंड कैबिनेट से पास स्थानीय नीति आदिवासी विरोधी है। हर हाल में इसे वापस किया जाना चाहिए। गांव गांव जाकर लोगों को जगाएंगे। समीर टोपनो ने कहा कि दोषपूर्ण स्थानीय नीति का विरोध गांव गांव से हो रहा है, लेकिन सरकार अडि़यल रवैया अपनाए हुई है। दोषपूर्ण स्थानीय नीति के विरोध में खड़े नहीं होने वाले आदिवासी विधायक व नेताओं को भी बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। जुलूस का संचालन राजकुमार नागवंशी और रोमोला ने किया।