रांची (ब्यूरो)। फुट ओवरब्रिज बन जाने के बाद राजधानी के लोगों को व्यस्त सड़कें पार करने में दिक्कत नहीं होगी। खास बात यह है कि सड़क पार करने के लिए सिढिय़ां चढऩी नहीं होंगी, बल्कि एस्केलेटर से सड़क पार करेंगे। लोगों को परेशानी से बचाने के लिए राजधानी में चार इलाकों में फु ट ओवरब्रिज का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए जगह चिन्हित कर ली गयी है। डीपीआर तैयार करने के बाद वहां पर ब्रिज बनाने का काम शुरू किया जाएगा। जहां पैदल चलने वालों को एस्केलेटर और एलीवेटर की सुविधा मिलेगी।

मॉल जैसी होगी व्यवस्था

शॉपिंग मॉल की तर्ज पर लगाये जाने वाले एस्कलेटर से लोग फुट ओवरब्रिज पर चढ़ेंगे और दूसरी ओर उतरने की व्यवस्था होगी। फुट ओवरब्रिज बन जाने से शहर की इन 4 सड़कों पर गाडिय़ों का आवागमन सुगम होगा। चारों फु ट ओवरब्रिज मेट्रो ट्रेन की स्टेशन की तरह होंगे। फुट ब्रिज पर चढऩे के लिए एस्केलेटर भी होगा। अक्सर बुजुर्ग, बच्चे या बीमार व्यक्ति सीढ़ी पर नहीं चढ़ पाते हैं। इस वजह से फुट ब्रिज का कांसेप्ट फेल हो जाता है। इसे देखते हुए एस्केलेटर लगाया जाएगा।

हमेशा लगता है जाम

रांची में जिन चार जगहों को फुट ओवरब्रिज बनाने के लिए चुना गया है, उन जगहों पर हमेशा जाम लगा रहता है। रोड पार करने के लिए लोगों को इंतजार करना पड़ता है। दोनों साइड से यहां गाडिय़ां भी बहुत अधिक संख्या में पहुंचती हैं, जिस कारण लोगों को सड़क पार करने में परेशानी होती है। चार फु ट ओवरब्रिज बन जाने के बाद लोगों को एक साइड से दूसरे साइड जाने में दिक्कत नहीं होगी।

2002 में बना था पहला ब्रिज

राजधानी का पहला फु टओवर ब्रिज 2002 में चर्च कांप्लेक्स के पास बनकर तैयार हुआ था। उस समय इसे बनाने में 50 लाख रुपए खर्च हुए थे। कई साल से इसका इस्तेमाल नहीं हो रहा है और इसकी उपयोगिता पर भी कई बार सवाल उठ चुके हैैं। लेकिन अब फिर से सरकार की ओर से इस फुट ओवरब्रिज का भी मेकओवर किया जाएगा।

रातू रोड

रातू रोड में अमन आर्केड के पास दूर दूर तक कोई कट नहीं है। लोगों को बहुत आगे से मुडऩा पड़ता है। आबादी बहुत अधिक होने की वजह से जाम भी लगता है और दुर्घटना भी होती है।

हरमू चौक

हरमू चौक शहर का वीआईपी रोड है। बीजेपी ऑफिस से लेकर वीआईपी के रास्ते भी इसी सड़क से गुजरता है। हरमू बाजार से आने वाले लोगों को जाम के कारण इंतजार करना होता है। अब यहां ब्रिज बन जाने से लोगों को सुविधा होगी।

राज स्वीट्स

एमजी रोड में सुजाता चौक के बाद कोई कट नहीं है। डिवाइडर क्रॉस कर लोगों को रोड पार करना पड़ता है। इससे वाहन चालकों को परेशानी होती है। बिग बाजार के पास एक ब्रिज बनाया जाएगा, जो राज स्वीट्स के साइड से कडरू रोड की तरह चैंबर भवन के पास तक जाएगा।

बिरसा चौक, हिनू

रांची के बिरसा चौक पर भी आए दिन जाम लगती है। शहर का व्यस्तम चौराहा यह है। प्रोजेक्ट भवन से लेकर विधानसभा और जेएससीए स्टेडियम इसी सड़क से जाते हैं, अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। यहां ब्रिज बन जाने से लोगों को सुविधा मिलेगी।