रांची (ब्यूरो) । अब मेदांता हॉस्पिटल के पास से लेकर नामकुम तक कांटा टोली चौक होते हुए पूरी सड़क फोरलेन होगी। अभी पथ निर्माण विभाग द्वारा नेउरी विकास विद्यालय से लेकर कांटाटोली चौक होते हुए दुर्गा सोरेन चौक तक ही सड़क फोरलेन की जा रही है, लेकिन पथ निर्माण विभाग ने दुर्गा सोरेन चौक से लेकर रामपुर तक सड़क चौड़ीकरण की अनुमति दे दी है यानी कि अब नेशनल हाईवे 33 की सभी सड़कें बरही से लेकर जमशेदपुर तक फोरलेन होंगी। अभी नेवरी विकास विद्यालय से लेकर नामकुम रामपुर तक की सड़क टू लेन है। इस सड़क के चौड़ीकरण होने से इस रोड में जाम की समस्या से निजात मिल जाएगा।

8 किमी आगे तक बनेगी फोरलेन

विकास विद्यालय से कांटा टोली, दुर्गा सोरेन चौक तक फोरलेन का काम तेजी से चल रहा है। इस साल के सितंबर तक इस सड़क का काम पूरा हो जाएगा। अ'छी बात यह है कि पथ निर्माण विभाग ने दुर्गा सोरेन चौक से रामपुर तक 8 किलोमीटर सड़क को फोरलेन करने के लिए भी मंजूरी दे दी है। करीब 65 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क की मंजूरी पथ निर्माण विभाग ने दी है। विभाग द्वारा जल्द ही इसका टेंडर जारी किया जाएगा, उसके बाद काम शुरू होगा।

65 करोड़ होंगे और खर्च

राजधानी में नेवरी से कांटा टोली होकर दुर्गा सोरेन चौक तक फोरलेन सड़क बनाई जाएगी। इसके निर्माण की योजना पर काम जारी है। जबकि दुर्गा सोरेन चौक से नामकुम होकर रामपुर रिंग रोड तक सड़क बनाने के लिए कार्यवाही शुरू कर दी गई है। यह सड़क फोरलेन बनाई जानी है। पथ निर्माण विभाग इसके निर्माण को लेकर काम कर रहा है। इसकी डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर ली गई है। इस सड़क का निर्माण 65 करोड़ रुपए से किया जाएगा। इसमें भू-अर्जन की भी राशि जुड़ी हुई है।

एनएच-33 का हिस्सा थी यह सड़क

यह सड़क पहले एनएच-33 का हिस्सा थी। अब विकास से टाटासिलवे होकर रामपुर तक की सड़क एनएच में तब्दील कर दी गई है। इस कारण यह सड़क एनएचएआई के अंतर्गत आ गई है। ऐसे में इसका निर्माण एनएचएआई के जरिए ही होगा। अब विकास से कांटा टोली, दुर्गा सोरेन चौक और नामकुम होकर रामपुर तक की सड़क पथ निर्माण विभाग के अधीन आ गई है। पहले चरण में पथ निर्माण विभाग विकास से दुर्गा सोरेन चौक तक की सड़क को फोरलेन बना रहा है।

नहीं लगेगा जाम

नेवरी विकास से नामकुम तक की सड़क के फोरलेन होने से आम लोगों को जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी। वर्तमान में विकास तक तो चौड़ी सड़क पर लोग आते हैं, उसके बाद जाम में आना पड़ता है। नामकुम तक चौड़ी सड़क बन जाने के बाद इस रूट से आने वाले लोगों को जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। इस सड़क के फोरलेन बन जाने से हजारीबाग, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, कोडरमा, चतरा की ओर से रांची शहर आने वाले लोगों को जाम की समस्या नहीं होगी। इसके दोनों ओर दो-दो लेन होगी। नाली-फुटपाथ का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि राहगीरों को पैदल चलने में परेशानी न हो। ड्रेनेज की बेहतर व्यवस्था की जाएगी, ताकि जल जमाव की समस्या न हो।