रांची(ब्यूरो)। पैसा डबल करने वाला गैंग इन दिनों राजधानी रांची में काफी एक्टिव है। यह गिरोह आम लोगों को एक महीने में पैसा डबल करके देने का झांसा देता है और उनकी मेहनत की कमाई लेकर चंपत हो जाता है। हाल के दिनों में कई लोगों ने ऐसी शिकायतें थाना में दर्ज करवाई हैं, जिसके बाद पुलिस भी हरकत में आते हुए कुछ लोगों को गिरफ्तार की है। लोगों की शिकायत के बाद डोरंडा थाना की पुलिस ने देवघर जिले के रिखिया थाना क्षेत्र से एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जिसकी पहचान दुमका निवासी अभियान सिंह उर्फ चंदन उर्फ सरफराज के रूप में हुई है। बता दें कि अभियान सिंह के खिलाफ कई महिलाओं ने रांची के डोरंडा थाना में ठगी का मामला दर्ज कराया है।

कभी सीबीआई अफसर तो कभी कुछ और बनकर ठगा

अभियान सिंह उर्फ चंदन उर्फ सरफराज ने खुद को सीबीआई अफसर बताकर कई महिलाओं से करोड़ों को ठगी की है। बता दें कि अभियान सिंह ने महिलाओं को 30 दिनों में पैसा डबल करने का लालच दिया। लालच में आकर कई महिलाओं ने लाखों रुपए उसकी फर्जी कंपनी ड्रीम फाउंडेशन में निवेश कर दिया। वहीं, जब महिलाएं पैसों के लिए कंपनी के ऑफिस पहुंची तो पता चला कि अभियान सिंह अपने दफ्तर में ताला लगाकर फरार हो चुका है। इसके बाद महिलाओं ने इसकी शिकायत देवघर एसपी से की। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस मिले इनपुट के आधार पर छानबीन कर रही है।

रांची में पहले भी ऐसी ठगी

रांची में पैसे डबल करने के नाम पर ठगी का यह खेल कोई नया नहीं है। इससे पहले भी ऐसे मामले आते रहे हैं। नन बैंकिंग संस्था के नाम पर ठगी के मामले पहले भी कई बार आ चुके हैं। इस सिलसिले में सरकार और प्रशासन द्वारा कार्रवाई भी होती है। लेकिन जागरूकता के अभाव में लोग बार-बार ठगों के शिकार हो जाते हैं। इसके बाद भी लोगों में जागरूकता नहीं आ रही है। पैसे डबल होने के लालच में आकर लोग अपनी जमा पूंजी गंवा देते हैं। दरअसल, ठगों द्वारा आम लोगों में भरोसा जताने के लिए कुछ व्यक्तियों के पैसे डबल करके दे दिए जाते हैं। इसके बाद दूसरे लोग भी झांसे में फंसकर अपना पैसा डबल कराने के लिए इन्वेस्ट कर देते हैं। कभी वेलफेयर ग्रुप ऑफ कंपनीज, कभी ड्रीम फाउंडेशन तो कभी कुछ और नाम से कंपनी का गठन कर ठगों का गिरोह ऐसी जालसाजी को अंजाम दे रहा है। लाखों रुपए ठगने के बाद कंपनी रातोंरात फरार हो जाती है। आम नागरिक पैसे के लिए फिर थानों का चक्कर लगाना शुरू कर देते हैं।

महिलाएं सॉफ्ट टारगेट

पुलिस की गिरफ्त में आए अभियान सिंह उर्फ चंदन उर्फ सरफराज नटवरलाल से कम नहीं है। ये बड़े आराम से लोगों को झांसे में लेता था और पैसे डबल करने का लालच देकर उनसे रुपए ठग लेता था। खासकर ऐसे लोग महिलाओं को ही टारगेट करते हैं। सैकड़ों लोगों को चंगुल में फंसा कर करोड़ों रुपए की ठगी की जा चुकी है। ठगी के शिकार हुए लोगों ने बताया कि कंपनी के नाम पर इसने अलग-अलग लोगों से पैसे लिए फिर डबल पैसा वापस किया। इसके बाद ही दूसरे लोगों ने इंवेस्टमेंट किया। जिनके पैसे डबल हुए थे वे भी उसी का एजेंट था। अब वे लोग भी गायब हैं।

हाईटेक हो गए ठग

सोशल मीडिया के जमाने में ठग भी हाईटेक हो चुके हैं। फेसबुक और टेलीग्राम की मदद से ये ठग आम लोगों तक अपनी पहुंच बनाते हैं। आजकल डिजिटल का फायदा उठाकर साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीके से लालच देकर उनके साथ ठगी को अंजाम दे रहे हैं। पैसा डबल करने संबंधित लुभावने मैसेज ये लोग सोशल मीडिया पर डाल देते हैं। आज हर किसी के पास स्मार्ट फोन है। लुभावने मैसेज देखकर लोग भी झांसे में आ जाते हैं।

ऐसी किसी भी स्कीम से लोगों को अलर्ट रहना चाहिए। ठगों द्वारा कई अलग-अलग प्रकार से लोगों को फंसाने की कोशिश की जा रही है। ऐसे लोगों की जानकारी होने पर फौरन इसकी सूचना पुलिस को दें। आपकी जागरूकता ही आपका बचाव है।

-शुभांशु जैन, सिटी एसपी, रांची