रांची(ब्यूरो)। यदि आपके पास आकर कोई व्यक्ति आपके घर में आने वाले संकट की बात कहे तो आप चौकन्ने हो जाइए। यदि ऐसे लोगों के झांसे में आए तो आप भी हो सकते हैं ठगी के शिकार। जी हां, सिटी में इन दिनों अलग तरह से ठगी हो रही है। ठगों का गिरोह घर की महिलाओं के पास जाकर घर-परिवार में आने वाले संकट की और उसके निदान की जानकारी देता है। महिला को अपने झांसे में लेकर उनसे सोना या रुपए दान करने को कहता है। फिर उनके जेवर लेकर फरार हो जाता है। राजधानी में बीते पांच दिनों में तीन ऐसी घटनाएं सामने आई हैं, जिसमें महिला को ठगी का शिकार बनाया गया है। तीनों महिलाएं घर से बाहर टहलने निकली थीं। तीनों महिलाओं को आने वाले संकट की बात कह कर और पूजा पाठ करने एवं दान करने की बात कह कर लूट लिया गया। सदर और चुटिया थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कराया गया है।

मार्निंग वॉक वाली महिलाएं टारगेट

मॉर्निंग वाक करने वाली महिलाओं को ज्यादा अलर्ट रहने की जरूरत है। ठगों का यह गिरोह मॉर्निंग वाक करने वाली महिलाओं को ही टारगेट बना रहा है। सुबह-सुबह यदि आप भी टहलते और कोई अनजान शख्स आपको रोक-टोक करे तो फौरन सतर्क हो जाइए, ऐसे लोगों की बातों में न आएं। गलियों-मुहल्लों में टहलने वाली महिलाओं की पहले ये ठग रेकी करते हैं, फिर उनके पास जाकर उनके घर से जुड़ी समस्याएं बताते हैं और आने वाले संकट की झूठी कहानी बनाकर महिला के सामने ऐसे परोसते हैं, जिससे महिला पूरी तरह भयभीत हो जाए। इसके बाद संकट टालने का भी उपाय यही ठगी बताते हैैं। पूजा-पाठ कराने, दान धर्म करने की बात कहते हुए महिला को झांसे में ले लेते हैं। वैसे तो आए दिन ठगी की अलग-अलग शिकायतें थाने में आती रहती हैं, लेकिन इन दिनों मॉर्निंग वाक करने वाली महिलाओं के साथ हुई ठगी की संख्या बढ़ी है।

केस-1

सदर थाना क्षेत्र के इंडस्ट्रियल एरिया में सुबह-सुबह टहल रही एक महिला इसी प्रकार की ठगी की शिकार हो गई। टहलते वक्त दो ठग महिला के पास आए और उन्हें आने वाले संकट के बारे में बताने लगे। संकट दूर करने के लिए उन ठगों ने पैसे या जेवर देने की बात कहीं। ठगों ने महिला को जाल में फंसा कर उनके सोने के कंगन और अंगूठी उतरवा लिये। इसके बाद महिला को दो हजार रुपए दिए और हाथ में रखने को कहा। इसके अलावा मंदिर में जाकर 11 बार भगवान का नाम लेने को कहा। और फिर दोनों मौके से फरार हो गए। महिला इसकी शिकायत सदर थाने में दर्ज करा दी है।

केस 2

चुटिया थाना क्षेत्र से भी बिल्कुल ऐसा ही मामला सामने आया है। यहां भी मॉर्निंग वाक कर रही महिला को ही ठगों ने झांसे मेंं लिया। घर में आने वाले संकट के बारे में बताया। महिला की सोने की ईयर रिंग उतरवाई और फरार हो गए। रीता देवी नामक इस महिला को भी ठगों ने पूजा पाठ करने और दान-धर्म करने की बात कहीं। महिला ठगों की बात में आ गईं। पूजा कराने के नाम पर ठगों को अपने कान की बाली खोल कर दे दी। मौका पाकर दोनों ठग वहां से फरार हो गए।

केस 3

रातू थाना क्षेत्र के आनंद नगर में जेवर साफ करने के बहाने ठगों ने किरण देवी के दो लाख रुपए के जेवरात लेकर फरार हो गए। इन ठगों ने भी किरण को घर में संकट आने की झूठी बात बताई। इसके निदान के लिए पूजा पाठ कराने की सलाह दी। बातों ही बातों में महिला को अपने झांसे में फंसा लिया और मौका देखकर फरार हो गए। इसके अलावा नगड़ी, हिनू समेत अन्य इलाकों से भी ठगी के मामले सामने आ रहे हैं।

बरतें सावधानी

- मॉर्निंग वॉक करते समय किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर न रुकें।

- घर पर आने वाले संकट जैसी बातों पर न आएं।

- कोई भी व्यक्ति रोक-टोक करता है तो फौरन इसकी सूचना पुलिस को दें।

- घर के अंदर किसी अनजान शख्स को न आने दें।