RANCHI : राज्य के मेडिकल कॉलेजों एवं सरकारी अस्पतालों में संचालित ब्लड बैंकों से मरीजों को अब ब्लड निश्शुल्क मिलेगा। उन्हें कोई प्रोसेसिंग चार्ज नहीं देना होगा। राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान-झारखंड के अभियान निदेशक कृपानंद झा ने इस संबंध में सभी मेडिकल कॉलेजों व अस्पतालों को निर्देश जारी कर दिया है।

सख्ती से होगा लागू

अभियान निदेशक ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत केंद्र सरकार द्वारा जारी गाइडलाइन का हवाला देते हुए कहा है कि ब्लड बैंकों द्वारा ब्लड की आपूर्ति निश्शुल्क की जानी है। आपूर्ति किए गए ब्लड के लिए कोई प्रोसेसिंग चार्ज नहीं लिया जाएगा। बदले में दिए गए ब्लड के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान से ही प्रति यूनिट 350 रुपये का भुगतान ब्लड बैंकों को दिया जाएगा। उन्होंने इसे सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया है।

सभी हॉस्पिटल को जारी किया गया आदेश

यह निर्देश रिम्स-रांची के निदेशक, पीएमसीएच धनबाद व एमजीएम जमशेदपुर के अधीक्षक, गिरिडीह, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, गुमला, लोहरदगा, सिमडेगा, दुमका, साहिबगंज, देवघर, पलामू, गढ़वा, लातेहार पाकुड़ के सिविल सर्जन, उपाधीक्षक, जिला अस्पताल प्रबंधक तथा सभी सरकारी ब्लड बैंकों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को भेजा गया है।

---