रांची: नशीले पदार्थो की सप्लाई बीते कुछ महीनों में काफी तेजी से बढ़ी है। अलग-अलग ट्रांसपोर्ट के जरिए इस तरह के पदार्थो की सप्लाई हो रही है। पुलिस गुप्त सूचना के आधार पर सिर्फ इस महीने में अब तक 76 केजी गांजा जब्त कर चुकी है। सबसे ज्यादा सिटी के बस स्टैंड से गांजे की सप्लाई हो रही है। बिरसा मुंडा बस टर्मिनल के पुलिसकर्मी भीम सिंह की अगुवाई में लगातार बस स्टैंड में छापेमारी जारी है। कभी दो केजी, कभी तीन तो कभी पांच केजी गांजा जब्त हो रहा है। शनिवार को ही रांची पुलिस ने 31 केजी गांजा जब्त किया है। नामकुम इलाके में सूमो से बड़ी मात्रा में गांजा की सप्लाई हो रही थी। गुप्त सूचना के आधार कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मादक सामग्री जब्त की है तो वहीं हफ्ते भर पहले ही खादगढ़ा बस स्टैंड में भी पांच केजी गांजा जब्त किया गया था।

सिटी में नशे की सप्लाई

रांची में सप्लाई के साथ-साथ रांची के बाहर भी मादक पदार्थ भेजा जा रहा है। वहीं सिटी के अंदर भी इसका नेटवर्क फैला हुआ है। कुछ स्थानों पर थोड़ी-बहुत कार्रवाई होती है। लेकिन राजधानी का एक बड़ा एरिया है जहां न तो कभी छापेमारी होती है और न ही इस काम संलिप्त लोगों पर कार्रवाई हो रही है। इस वजह से ऐसे लोगों का दुस्साहस बढ़ता जा रहा है। चुटिया थाना क्षेत्र में कई बार लोगों ने गांजे की सप्लाई की शिकायत की है। लेकिन यहां पुलिस की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है। चुटिया में छोटी-छोटी पान दु़कान और झोपड़ीनुमा दुकान पर गांजे की बिक्री होती है। सुखदेव नगर थाना एवं पंडरा ओपी इलाके में बीते दिनों छापेमारी में छह केजी गांजा बरामद किया गया था। वहीं, लोअर बाजार, सदर, हिंदपीढ़ी, डोरंडा थाना क्षेत्र में भी गांजे का कारोबार बडे़ आराम से फल-फूल रहा है।

कौन है पलामू

गांजा के कारोबार में वैसे तो कई लोग लगे हुए हैं। पुलिस को जिनकी तलाश भी है। कुछ पुलिस के हाथ लगे भी हैं लेकिन, इसका सरगना अब भी फरार है। गांजा तस्कर में एक ऐसा ही नाम है पलामू का है। जी हां पलामू हम किसी जगह के बारे में बात नहीं कर, बल्कि पलामू एक व्यक्ति का नाम है जो सिटी के अंदर गांजे की सप्लाई कर रहा है। पुलिस को भी इसकी तलाश है। पंडरा ओपी प्रभारी पृथ्वी सेन दास के अनुसार कोई पलामू नाम का व्यक्ति है जो रांची के अलग-अलग इलाकों में गांजे की सप्लाई करता है। वह ऑटो से गांजा देकर चुपचाप फरार हो जाता है। हालांकि पुलिस अबतक उस व्यक्ति तक पहुंच नहीं पाई है। कुछ दिन पहले पिस्का मोड़ इलाके में छापेमारी के बाद एक केजी गांजे के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। उस समय भी पलामू का जिक्र आया था। लेकिन यह शख्स अब भी पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पंडरा ओपी प्रभारी ने बताया कि पुलिस लगातार उसके ठिकाने पर छापेमारी कर रही है। जल्द ही वह भी पुलिस के शिकंजे में होगा।

11 को भी साढे चार केजी गांजा जब्त

राजधानी रांची और आसपास के इलाके में हर हफ्ते गांजा बरामद किया जा रहा है। कहीं आरोपी फरार हो जाता है तो कहीं गिरफ्तारी भी होती है। 11 मार्च को भी रांची लोहरदगा रूट से एक तस्कर की गिरफ्तारी हुई थी। जिसके पास से साढे़ चार केजी गांजा जब्त किया गया था। आरोपी ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि वह लोहरदगा से गांजा खरीद कर लाता है और उसे अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई करता है। इसके अलावा एक महीने पहले नारकोटिक्स डिपार्टमेंट ने ओरमांझी के पास से 50 केजी गांजा जब्त किया था, जिसकी कीमत लगभग 20 लाख रुपए अनुमान लगाई गई थी। इसमें संलिप्त छह लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया।

हाल में जब्त

13 मार्च: नामकुम से 31 केजी गांजा बरामद, तीन आरोपी फरार

10 मार्च : रांची लोहरगदा, नरकोपी थाना क्षेत्र से साढे़ चार केजी गांजा के साथ एक गिरफ्तार

06 मार्च : एक केजी गांजे के साथ दो युवक गिरफ्तार

03 मार्च : बिरसा मुंडा बस स्टैंड से 35 केजी गांजा बरामद, एक गिरफ्तार

01 मार्च : सुखदेव नगर थाना क्षेत्र से पांच केजी गांजा बरामद, एक अरेस्ट

05 फरवरी: सदर थाना क्षेत्र से पांच केजी गांजा जब्त, एक गिरफ्तार

28 जनवरी : ओरमांझी से 50 केजी गांजा जब्त, पांच तस्कर गिरफ्तार

मादक पदार्थो के खिलाफ पुलिस अभियान चला रही है। कहीं से भी किसी तरह की सूचना मिलने पर फौरन कार्रवाई होती है। कई तस्कर गिरफ्तार भी किए गए हैं। उनसे पूछताछ हो रही है। आम नागरिकों को भी कोई संदिग्ध नजर आता है तो इसकी सूचना पुलिस को दें।

- नौशाद आलम, रूरल एसपी, रांची