RANCHI: अगर आप भी रांची नगर निगम क्षेत्र में रहते हैं और नगर निगम में होल्डिंग टैक्स जमा नहीं कराया है तो अलर्ट हो जाइए। चूंकि रांची नगर निगम ऐसे हाउस होल्डर्स पर एक्शन लेने की तैयारी कर रहा है, जिसके तहत फ‌र्स्ट फेज में हाउस होल्डर्स को नगर निगम नोटिस भेजेगा। जहां डेढ़ गुना फाइन के साथ टैक्स जमा कराना होगा। इसके बाद भी अगर ओनर होल्डिंग टैक्स जमा नहीं करता है तो उसका बैंक अकाउंट फ्रीज कर दिया जाएगा। नगर आयुक्त ने इसके लिए बैंक प्रबंधन से सपोर्ट करने की अपील की है ताकि नगर निगम बकाया टैक्स रिकवर कर सके। बताते चलें कि सिटी में कई ऐसे हाउस होल्डर्स हैं जो बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं।

एक क्लिक पर हाउस होल्डर की जानकारी

नगर निगम ने सिटी में हर घर और जमीन को यूनिक नंबर जारी किया है। जिससे कि कौन सा घर किस इलाके में हैं इसकी जानकारी मिल जाती है। साथ ही यह भी पता चल जाता है कि वह घर किस वार्ड में है। पांच साल पहले जब इसकी शुरुआत हुई तो लोगों को अंदाजा नहीं था कि इसका क्या फायदा होगा। लेकिन आज होल्डिंग नंबर से एक क्लिक पर सारी जानकारी उपलब्ध है।

43 करोड़ होल्डिंग टैक्स की हुई वसूली

रांची नगर निगम को होल्डिंग टैक्स से मात्र छह से सात करोड़ रुपए सालाना मिलते थे, जिसका इस्तेमाल नगर निगम शहर के डेवलपमेंट में कर देता था। लेकिन 2016-17 में नगर निगम को होल्डिंग टैक्स से 42 करोड़ रुपए मिले। इसके बाद 2017-18 में इससे ज्यादा टैक्स मिला। जबकि 2018-19 में नगर निगम 50 करोड़ के आसपास टैक्स होल्डिंग से मिला था। ऐसे में 2019-20 की बात करें तो निगम को दिसंबर तक 43 करोड़ रुपए होल्डिंग टैक्स से मिल चुके हैं। वहीं तीन महीने में नगर निगम को काफी टैक्स आने की उम्मीद है कि इस बार पिछले रिकार्ड टूट सकते है।

बढ़ते गए होल्डिंग नंबर्स

2017 में थे 1.50 लाख हाउस होल्डर

2018 में 1.70 लाख पहुंचा आकड़ा

2019 में 1.83 के पार हो गए हाउस होल्डर

टाइम से होल्डिंग टैक्स नहीं भरने वालों के लिए पेनाल्टी लगाने का नियम है। लेकिन बार-बार नोटिस भेजने के बाद भी जो लोग टैक्स जमा नहीं करा रहे हैं उनका अकाउंट फ्रीज होगा। इसके लिए बैंक प्रबंधन से सपोर्ट मांगा गया है, जिनका भी अकाउंट नंबर हमारे पास अवेलेबल है उनका अकाउंट फ्रीज कर रिकवरी की जाएगी।

मनोज कुमार, नगर आयुक्त, आरएमसी