रांची: सिमडेगा में ग‌र्ल्स टीम को मिली हार का बदला ब्वॉयज टीम ने एक सप्ताह के अंदर हरियाणा की धरती पर हरियाणा को नेशनल सब जूनियर ब्वॉयज हॉकी प्रतियोगिता में हरा कर ले लिया है। झारखंड की ब्वॉयज टीम ने गोल्ड मेडल जीता है.17 से 25 मार्च तक हरियाणा के जींद में आयोजित ग्यारहवीं हॉकी इंडिया राष्ट्रीय पुरुष सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता 2021 में गुरुवार को हॉकी झारखंड की टीम ने हॉकी हरियाणा को फाइनल में पेनाल्टी शूटआउट में 3-1 से पराजित कर झारखंड के इतिहास में पहली बार सोना जीता है। मैदानी खेल में दोनों ही टीम गोल करने में असफल रही। इसके बाद इनका निर्णय पेनाल्टी शूटआउट में चला गया, फि़र शूटआउट में झारखंड टीम ने 3-1 से पराजित कर इतिहास रच दिया है। झारखंड टीम की ओर से शूटआउट में दीपक सोरेंग, असीम एक्का व रितिक रोशन लकड़ा ने गोल किया।

ये है चैंपियन टीम

झारखंड टीम दुगा मुंडा, रितिक रोशन लकड़ा, अमित बा, सुखनाथ गुडि़या, नामित डोडराई, निरमेश तिर्की, सुमित बरवा, विशाल लकड़ा, कमलचिक बड़ाईक, अमृत तिर्की, विनीत टोप्पो, दीपक सोरेंग कुलदीप बरला, एडिशन मिंज, अभिषेक तिग्गा, असीम एक्का,जेम्स नाग एवं प्रभात समद, कोच आदम होरो व मैनेजर रोहित कुमार हैं।

बधाइयों का तांता

झारखंड टीम के इतिहास रचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, शशिकांत प्रसाद, विजय शंकर सिंह, मनोज कोनबेगी, रजनीश कुमार सहित हॉकी झारखंड के समस्त पदाधिकारियों ने बधाई दी है। इससे पूर्व झारखंड ने हॉकी केरल को 14-0से, हॉकी यूनिट ऑफ तमिलनाडु को 5-0से, हॉकी चंडीगढ़ को 7-0 से व हॉकी उत्तर प्रदेश को पेनाल्टी शूटआउट में पराजित किया था। झारखंड वापसी होने पर हॉकी झारखंड के द्वारा टीम का जोरदार स्वागत किया जाएगा।