रांची(ब्यूरो)। 6 अप्रैल से 17 अप्रैल तक भोपाल में आयोजित 12वीं हॉकी इंडिया सीनियर पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2022 में हॉकी झारखंड ने सोमवार को अपने अंतिम लीग मैच में हॉकी जम्मू कश्मीर को 5-0 गोल से पराजित कर लगातार तीसरी जीत दर्ज करते हुए वर्षो बाद क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। आज के मैच में झारखंड टीम ने दूसरे क्वार्टर में 02 और तीसरे क्वार्टर में 03 गोल किया। डेनिस केरकेट्टा ने दो गोल 25वें व 38वें मिनट में किए, जबकि अनुरुद्ध भेंगरा ने 23वें, मनोहर मुंडू ने 37वें व बिरसा ओडिय़ा ने 44वें मिनट में एक-एक गोल किए। इससे पूर्व झारखंड दादरा नगर हवेली और दामन द्वी हॉकी टीम को 7-2, हॉकी चंडीगढ़ को 3-2 से पराजित कर चुकी है।

ये है झारखंड टीम

झारखंड टीम अमनदीप तिग्गा, अभिषेक कुमार साहू, नोएल टोपनो, सुसारन पूर्ति, बिरसा भेंगराज, अलफोंस गुडिय़ा, बिरसा ओडिय़ा, डेनिश केरकेट्टा, बीर बोगन सिंह मुंडा, अल्बर्ट डुंगडुंग, अनुरोध भेंगरा, जेन सोरेंग, सुमित बरवा, मनोहर मुंडू, बिलास कांडूलना, सुजीत एक्का, मुकेश किंडो, विजय खेस हैं। टीम के कोच एलेक्स लकड़ा और मैनेजर मनोज प्रधान हैं।

क्वार्टर फाइनल में महाराष्ट्र से मुकाबला

झारखंड टीम के क्वार्टर फाइनल में पहुंचने पर हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि वर्षो बाद झारखंड पुरुष टीम ने सीनियर नेशनल में लीग के सभी मैच जीत कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश की है। हमारे खिलाड़ी अच्छी मेहनत कर रहे हैं। इसी लय के साथ क्वार्टर फाइनल में भी हॉकी महाराष्ट्र के साथ खेलकर सेमीफाइनल में जगह बनाए। झारखंड का अगला मैच क्वार्टर फाइनल में हॉकी महाराष्ट्र के साथ है। महासचिव विजय शंकर सिंह, उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी समेत रजनीश कुमार, माइकल लाल, दसरथ महतो सहित समस्त पदाधिकारियो ने झारखंड टीम को बधाई के साथ अगले मैच के लिए शुभकामनाएं दी है।