रांची: देश के 36 राज्यों एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के विभिन्न 100 शहरों में चल रही स्मार्ट सिटी मिशन की योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति के आधार पर भारत सरकार के केन्द्रीय आवासान एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा जारी हालिया रैंकिंग में झारखंड पहले पायदान पर पहुंच गया है। वहीं, 100 शहरों में चल रही मिशन की योजनाओं की प्रगति के मामले में झारखंड की राजधानी रांची लगातार बढ़त के साथ 12वें स्थान पर पहुंच गई है। वहीं, दूसरी तरफ राज्य तथा केन्द्रशासित प्रदेशों की सूची में दिल्ली 11वें स्थान पर और बिहार 27वें स्थान पर है, शहरों की सूची में न्य़ू दिल्ली म्युनिसिपल कॉरपोरेशन 41वें और बिहार की राजधानी पटना 68वें स्थान पर मौजूद है।

रीयल टाइम रैंकिंग का आधार

पूर्व में स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से एक महीने/पखवाड़ा/सप्ताह में रैंकिंग जारी करने की व्यवस्था थी। पर अब ये रैंकिंग हर समय ऑनलाइन प्रक्रिया से अपडेट की जाती है। इस रैंकिंग में स्मार्ट सिटी मिशन द्वारा संचालित योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति को आधार बनाया जाता है और विभिन्न कार्यो के लिए अंक निर्धारित होता है। जिन कार्यो पर अंक प्राप्त होते हैं उसमें कुछ महत्वपूर्ण इस प्रकार हैं।

-संबंधित स्मार्ट सिटी द्वारा सेलेक्टेड प्रोजेक्ट के टेंडर प्रक्रिया का निष्पादन

-प्रोजेक्ट के लिए कार्यादेश जारी होना

-प्रोजेक्ट्स के पूरा होने पर

-स्मार्ट सिटी मिशन व राज्य सरकार द्वारा फंड आवंटन और एसपीवी को ट्रांसफर किए जाने पर

-स्मार्ट सिटी मिशन व राज्य सरकार द्वारा जारी फंड के खर्च पर

-फंड के खर्च की उपयोगिता प्रमाण पत्र समय से केन्द्र सरकार को भेजनें पर

-प्रोजेक्ट्स की जीपीएस टैगिंग पर

-सिटी लेवल एडवाइजरी फोरम की समय पर बैठक करने पर

-कार्यआदेश के वित्तीय प्रगति पर

-स्मार्ट सिटी मिशन अनुदान के कार्यान्वयन पर

656 एकड़ में डेवलप रही स्मार्ट सिटी

गौरतलब है कि राजधानी रांची में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत धुर्वा क्षेत्र में 656 एकड़ जमीन में नए शहर का निर्माण हो रहा है। इस शहर के लिए विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना का विकास तेज गति से हो रहा है। सड़क, पेयजल संरचना, बिजली संरचना, ड्रेनेज, सीवरेज, साइकिल लेन, पैदल पाथ इत्यादि का विकास अंतिम दौर में है। आवासीय, व्यावसायिक, शैक्षणिक, मिक्स यूज, स्वास्थ्य, हॉस्पिटलिटी के क्षेत्र में विकास के लिए चिन्हित प्लॉट्स के ई ऑक्सन की प्रक्रिया भी शुरू हो गयी है और पहले चरण में कई प्लॉट्स का ऑक्सन भी हो गया है।

प्रोजेक्ट को लेकर सीएम गंभीर

रांची स्मार्ट सिटी के विकास को लेकर झारखंड सरकार और सीएम हेमंत सोरेन खुद काफी संजीदा हैं। पूर्व में झारखंड के सीएम व मुख्य सचिव सुखदेव सिंह ने भी अपनी समीक्षा बैठकों के दौरान स्मार्ट सिटी में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति पर संतोष जताते हुए राज्यवासियों को आश्वस्त किया है कि ये शहर जनअकांक्षाओं के अनुरूप विकसित होगा, और इसी क्रम में नए शहरों के लिए आधारभूत संरचना का विकास जारी है।

केंद्रीय सचिव कर चुके हैं सराहना

इतना ही नहीं, पिछले दिनों अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरा के दौरान केंद्र सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के सचिव दुर्गाशंकर मिश्र ने भी रांची स्मार्ट सिटी की योजनाओं की समीक्षा और भौतिक निरीक्षण के बाद खुशी जताते हुए कहा था कि यह शहर झारखंड और आसपास के राज्यों के लिए मॉडल सिटी के रूप में काम करेगा। केन्द्र सरकार द्वारा जारी रीयल टाइम रैंकिंग में रांची और झारखंड को मिली बढ़त को लेकर विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे ने खुशी जताते हुए रांची स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन को बधाई दी है। वहीं स्मार्ट सिटी कॉरपोरेशन के सीईओ अमित कुमार ने आश्वस्त किया है कि स्मार्ट सिटी के विकास के दौरान जनभागीदारी का पूरा ख्याल रखा गया है और आगे भी रखा जाएगा।