रांची (ब्यूरो) : झारखंड प्रदेश ओबीसी उत्थान समिति ने 27 प्रतिशत आरक्षण पिछड़ा वर्ग को देने के लिए राज्यवासियों की ओर से राज्य सरकार को धन्यवाद दिया एवं आभार प्रकट किया। झारखंड विधानसभागार हॉल में आयोजित आभार सम्मेलन में झारखंड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव को 51 किलो का माला प्रदान कर झारखंड सरकार को धन्यवाद दिया। इसके पूर्व डॉ रामेश्वर उरांव, ओबीसी उत्थान समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे, संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव, अध्यक्ष डॉ राजेश गुप्ता छोटू, अरविन्द कुमार महतो, शंकर साहू, अभिषेक साहू, फिरोज रिजवी मुन्ना, संजीत यादव, कुमुद रंजन, प्रदीप साहू ने आभार सम्मेलन का उद्घाटन किया।

बोले वित्त मंत्री

वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि जॉब में आरक्षण देने का काम तब तक सफल नहीं हो सकता, जब तक शिक्षा में आरक्षण नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि आरक्षण का मतलब सत्ता में हिस्सेदारी है। आयोजन समिति के मुख्य संरक्षक आलोक कुमार दूबे ने कहा कि आज जब हमारी सरकार ने ओबीसी आरक्षण की सीमा बढ़ाने का काम किया तो पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास और केंद्रीय जनजातीय मंत्री अर्जुन मुंडा के पेट में दर्द हो रहा है।

लंबे समय से मांग

ओबीसी उत्थान समिति के अध्यक्ष डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा, ओबीसी वर्ग द्वारा आरक्षण की सीमा को बढ़ाकर 27 प्रतिशत करने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। आयोजन समिति के संयोजक लाल किशोर नाथ शाहदेव ने कहा कि लम्बे संघर्ष के बाद ओबीसी को उनका अधिकार मिलने जा रहा है, ऐसे में भाजपा के नेताओं का आलोचना करना स्वाभाविक है। कार्यक्रम को अरविंद कुमार महतो, शंकर साहू, अभिषेक साहू, संजीत यादव, फिरोज रिजवी मुन्ना, संजय प्रसाद, कैलाश कुमार महतो, मजीद अंसारी, अल्ताफ हुसैन अंसारी, कुमुद रंजन ने भी संबोधित किया।