रांची(ब्यूरो)। 36 वें राष्ट्रीय खेल 2022 के हॉकी प्रतियोगिता में शुक्रवार को झारखंड महिला हॉकी टीम ने बड़ी जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली। क्वार्टर फाइनल के खेले गए मैच में उत्तर प्रदेश को 6-1 से कड़ी शिकस्त देकर झारखंड की महिला खिलाडिय़ों ने बाजी मारी है। बता दें कि गुजरात के राजकोट में 29 सितंबर से 36वां नेशनल गेम्स चल रहा है, जो 12 अक्टूबर तक चलेगा।

शुरुआत से ही आक्रामक रुख

झारखंड महिला हॉकी टीम ने मैच के शुरुआत से ही आक्रामक रुख अख्तियार करते हुए 11वें मिनट में तेजतर्रार फॉरवर्ड ब्यूटी डुंगडुंग ने शानदार फील्ड गोलकर टीम को 1-0 से बढ़त दिलाई। मैच के दूसरे क्वार्टर में झारखंड ने पुन: दो गोल कर हाफ टाइम तक 3-0से बढ़त ले ली। दूसरे क्वार्टर में मैच के 25वें मिनट में बिनिमा धान ने पेनाल्टी स्टोक से गोल की। वही इसके दो मिनट बाद ही 27वें मिनट में संगीता कुमारी ने पेनाल्टी कॉर्नर में गोल किया। हाफ टाइम के बाद भी झारखंड टीम अपना आक्रमण बरकरार रखी और 31वें मिनट में संगीता कुमारी एक शानदार फील्ड गोल कर 4-0से बढ़त ले ली। 37वें मिनट में दीपिका सोरेंग ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर 5-0कर लिया और मैच के 45वें मिनट में सलीमा टेटे से मिले शाहदार पास को प्रमिला सोरेंग ने गोल में बदलकर तीसरे क्वार्टर की समाप्ति तक झारखंड को 6-0से निर्णायक बढ़त दे दी, चौथे क्वार्टर में झारखंड के आक्रमण की धार कुछ कम हुई, जिसका लाभ लेते हुए उतर प्रदेश की टीम कई आक्रमण की और 55वे मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को प्रीति दुबे के हाथों गोल कर अपने टीम की ओर से खाता खोला। अपनी बढ़त कमजोर होती देख झारखंड की खिलाड़ी पुन: सतर्क हो गईं और यूपी टीम के खिलाडिय़ों की एक नहीं चलने दी और मैच में 6-1से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में जगह बना ली।

झारखंड टीम

सोनल मिंज, निक्की प्रधान(कप्तान), रोपनी कुमारी, महिमा टेटे, दीपिका सोरेंग, सुभाषि हेमरॉम, सलीमा टेटे, सिमटा मिंज, संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, अलबेला रानी टोप्पो, रजनी केरकेट्टा, दीप्ति कुल्लू, प्रमिला सोरेंग, काजल बड़ा, बिनीमा धान, बालो होरो, अंजली बिंझिया। कोच-बिगन सोय, तारिणी कुमारी और मैनेजर मनोज कोनबेगी।

हॉकी प्रेमियों ने सराहा

महिला टीम के क्वार्टर फाइनल मैच के दौरान झारखंड पुरुष टीम के कोच एलेक्सियुस लकड़ा, मैनेजर मनोज प्रधान, फिजियो लव कुमार, खेल विभाग के उपनिदेशक धर्मेंद्र कुमार दीक्षित, राजकोट में नौकरी कर रहे सिमडेगा के पूर्व हॉकी खिलाड़ी अमित डुंगडुंग व उनके शिष्य सहित झारखंड पुरुष हॉकी टीम के सभी खिलाड़ी मैदान में उपस्थित होकर खिलाडिय़ों का उत्साह बढ़ाते रहे। वहीं हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोलानाथ सिंह, विजयशंकर सिंह, रजनीश कुमार, अरविंद सिंह, रणधीर कुमार ने कल झारखंड के खिलाडिय़ों से मिलकर शुभकामनाएं और प्रोत्साहन दी थी। झारखंड सरकार के खेल निदेशक मति सरोजनी लकड़ा फोन के माध्यम से हर पल टीम के सभी खिलाडिय़ों और मैच की रिपोर्ट लेती रहीं। साथ ही झारखंड ओलंपिक संघ के महासचिव मधुकांत पाठक और शिवेंद्रु दुबे भी फोन के माध्यम से सारी जानकारी ले रहे हैं।