रांची (ब्यूरो) । स्वर्गीय जस्टिस एल.पी.एन शाहदेव की 11वीं पुण्यतिथि पर मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जस्टिस शाहदेव को श्रद्धांजलि दी। मौके पर उन्होंने कहा कि जस्टिस एल.पी.एन। शाहदेव न्यायिक सेवा में होते हुए भी झारखंड आन्दोलन को बिना किसी दल के बंधन में बंधे हुए अपनी बौद्धिक ऊर्जा से सींचा। आने वाली पीढिय़ों को उनके दिखाए गए रास्ते पर चलना चाहिए। केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा की जस्टिस शाहदेव ने झारखंड अलग राच्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.उन्होंने झारखंड के आंदोलन को नई राह दी।

गिरफ्तार होने वाले पहले पूर्व जज

पूर्व सीएम एवं भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने कहा कि न्यायमूर्ति शाहदेव झारखंड आंदोलन में गिरफ्तार होने वाले प्रथम पूर्व न्यायमूर्ति थे, जिन्होंने आंदोलन को अपनी बौद्धिक ऊर्जा से सींचा था.उनके विचार व आदर्श सदैव हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत बने रहेंगे। पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि प्रसिद्ध न्यायविद, झारखंड आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभानेवाले थे।

अग्रणी पंक्ति के न्यायविद : प्रकाश

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व राच्यसभा के सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड अलग राज्य आंदोलन के अग्रणी पंक्ति के नेता, प्रसिद्ध न्यायविद, माटी के लाल थे जस्टिस एलपीएन शाहदेव।

इन्होंने भी दी श्रद्धांजलि

जस्टिस एल.पी.एन शाहदेव चौक पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर न्यायमूर्ति शाहदेव के परिजनों के अलावा वित्त मंत्री रामेश्वर उरांव, पूर्व डिप्टी सीएम और आजसू के प्रमुख सुदेश महतो, सांसद संजय सेठ, विधायक सीपी सिंह, विधायक नवीन जायसवाल, नगर निगम की मेयर आशा लाकड़ा, भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, भाजपा के प्रदेश महामंत्री बालमुकुंद सहाय सहित कई नेताओं एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने श्रद्धा सुमन अर्पित किया। वहीं सुबह में उनके परिजनों ने भी जस्टिस शाहदेव को श्रद्धा सुमन अर्पित किया। श्रद्धांजलि देनेवालों में उनके बड़े दामाद पूर्व कार्मिक सचिव रतन कुमार, पुत्री संगीता देव, कृति देव, बबीता देव,शिल्पी सिंह देव, पुत्र प्रतुल शाहदेव पुत्रवधू डॉ विद्या झा,पौत्री शांभवी प्रभा,पौत्र शौर्य प्रताप शामिल थे।