रांची(ब्यूरो)। यदि आप सरकारी अस्पताल में इलाज कराने जा रहे हैं और आपको हॉस्पिटल में कौन डॉक्टर कहां बैठते हैं, इसकी जानकारी नहीं है तो आपको ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है। दरअसल, राजधानी समेत अन्य सभी जिलों के सरकारी अस्पताल में अब ऐसी व्यवस्था शुरू होने जा रही है, जहां अस्पताल से संबंधित आपकी सारी समस्याओं का समाधान हो सकेगा। अस्पताल में एक सेंटर की स्थापना की जाएगी, जहां कियोस्क की मदद से इलाज, डॉक्टर और हॉस्पिटल से जुड़ी सभी इन्फॉर्मेशन मुहैया कराई जाएंगी। अधिकतर लोग ऐसे होते हैं जो पहली बार अस्पताल में अपना या अपने किसी परिचित के इलाज के लिए आते हैं। जानकारी के अभाव में उन्हें सही ट्रीटमेंट नहीं मिल पाता। जब तक जानकारी होती है, तब तक डॉक्टर का टाइम ओवर हो चुका होता है। ऐसी समस्याओं से बचने के लिए ही व्यवस्था लागू की जा रही है। सदर हॉस्पिटल से इस सिस्टम की शुरुआत की जाएगी।

नहीं होगी समय की बर्बादी

बड़े अस्पताल में सबसे बड़ी समस्या यह होती है कि पता नहीं चल पाता है डॉक्टर का चैंबर कहां है, उनकी टाइमिंग क्या है। दूर-दराज से आए लोगों को यह जानकारी जुटाने में काफी वक्त लग जाता है। लेकिन अब ऐसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। हेल्थ डिपार्टमेंट की ओर से सेंटर स्थापित किया जा रहा है, जहां सारी जानकारियां बड़ी आसानी से लोगों तक पहुंचाई जा सकेंगी। अस्पताल में कियोस्क लगने के बाद मरीज को बस एक क्लिक पर अस्पताल के बारे में सारी जानकारी मिल जाएगी। इससे समय के साथ-साथ उनके शरीर की ऊर्जा भी बचेगी और समय रहते इलाज भी हो सकेगा।

कियोस्क में सारी जानकारी

मिली जानकारी के मुताबिक, डायनेमिक कियोस्क के माध्यम से मरीज और उनके परिजनों को सिर्फ एक क्लिक पर सारी जानकारियां मिल जाएंगी। जैसे कौन डॉक्टर कहां बैठेंगे, किस जगह पर बैठेंगे, किस बीमारी के कौन डॉक्टर किस दिन उपलब्ध होंगे, उनकी क्या टाइमिंग होगी, लंच ब्रेक कब होता है, ओपीडी तथा इनडोर में उपलब्ध सेवा, ओपीडी की टाइमिंग, वार्ड का लोकेशन, वार्ड का डिजिटल मैप व हर विभाग के एक्सपर्टीज जैसी जानकारी आपको बस एक क्लिक पर मिल जाएगी। इसके अलावा टेस्ट और ब्लड से संबंधित जानकारी भी यहां से आसानी से जुटाई जा सकती है। साथ ही अब मरीजों व उनके परिजनों को अस्पताल के काउंटर पर लंबी लाइन नहीं लगानी होगी। कियोस्क के माध्यम से उपलब्ध सभी सेवाएं यहां तक की उपलब्ध टीकों तथा टीकाकरण के समय की जानकारी भी आसानी से ली जा सकेगी।

फीडबैक भी दे सकेंगे

सेंटर पर सिर्फ इन्फॉर्मेशन ही नहीं ले सकते, यदि आपको हॉस्पिटल प्रबंधन से कोई शिकायत है तो वह भी आप यहां दर्ज करा सकते हैं। कियोस्क में आपको फीडबैक व कंप्लेंट करने की भी विकल्प मौजूद रहेगा। यानी अगर आप किसी सेवा से संतुष्ट नहीं हैं तो उसका कारण आप इसमें लिख सकते हैं। यह कियोस्क टच स्क्रीन वाला होगा। पहले चरण में अलग-अलग जिलों के सदर हॉस्पिटल में इसे ट्रायल रन पर चलाया जाएगा। ट्रायल रन में मिली सफलता के बाद इसे बाकी अस्पतालों में लगाया जाएगा। अस्पताल के अलावा मेडिकल कॉलेज तथा 20 जिलों के सदर अस्पतालों में भी चार-चार कियोस्क लगाए जाएंगे।