रांची (ब्यूरो) । पांच सूत्री मांगों के समर्थन में ंझारखंड ऊर्जा विकास श्रमिक संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में श्रमिक संघ के दर्जनों सदस्यों ने झारखंड ऊर्जा विकास निगम मुख्यालय धुर्वा का घेराव किया। इस दौरान निगम के दोनों गेट 12.30 से संध्या 6 बजे तक मानव दिवस कर्मियों ने जाम कर दिया, जिसके कारण अंदर से बाहर लोग नहीं आ पा रहे थे। इससे पूर्व धुर्वा गोलचक्कर मैदान से जुलुस निकाला गया जो प्रोजेक्ट भवन सेकरेटेरियट से होते हुए ऊर्जा विकास निगम मुख्यालय पंहुचा और वहां प्रदर्शन किया गया। इस दौरान विद्युत कर्मी अपने हाथों मे प्ले कार्ड लिए हुए नारे लगाते हुए चल रहे थे जिसमें संघ की ओर से मांग की गई थी की लगातार 10 साल तक काम किये हुए विद्युत कर्मियों का समायोजन हाईकोर्ट के आदेश के तहत किया जाये, आउटसोर्स बंद कर पुरानी व्यवस्था लागु करने, सामान काम के बदले सामान वेतनमान, पूर्व सीएम हेमंत सोरेन के आउटसोर्स खत्म करने के वादे को पूरा करने, अधिकारियों की तरह डेजिग्नेशन मैपिंग कर्मचारियों का करने की मांग कर रहे थे।

आईवॉश कर रहा निगम

इस अवसर पर संघ के केंद्रीय अध्यक्ष अजय राय ने कहा की निगम अभी वर्तमान मे हाईकोर्ट के आदेश को आईवाश करने का काम किया है जिसे बर्दास्त नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा की सिर्फ 80 अनुबंधकर्मियों का नियमित कर निगम भाग नहीं सकता है, बल्कि जो भी मानव दिवस कर्मी 2014 के बोर्ड के सर्वे के तहत 10 वर्ष पूरा कर लिए हैं उन सभी को नियमित करना होगा।

स्वार्थपूर्ति में लगे हैं

अजय राय ने कहा की वर्तमान मे निगम में अधिकारी अपनी स्वार्थपूर्ति में लगे हुए हैं और उनके द्वारा नियम परिनियम की धज्जियां उड़ायी जा रही हैं। बाद में जिमएचआर एवम संबंधित पदाधिकारी के साथ में वार्ता हुई जिसमें आश्वासन दिया गया की कर्मियों की मांगों पर विचार किया किया जाएगा। कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष अजय राय, अमित शुक्ला, विजय सिंह, अनिकेत सिंह, कुणाल सिंह, प्रिन्स कुमार, बालगोविंद महतो, राजेश रवानी, शैलेन्दर सिंह, प्रमोद कुमार उत्पल दत्त, आनंद प्रामाणिक, मुकेश साहू, सुरेन्द्र कुमार, धीरेन्द्र पांडेय, महाबीर महतो, मनोज वर्मा, ओम कुमार, जलील अंसारी, इस्माइल अंसारी सहित हजारों कर्मी शामिल थे।