RANCHI: राजधानी में सोमवार को लॉकडाउन का कहीं असर दिखा और कहीं नियमों को ताक पर रखते हुए देखा गया। कई इलाकों में पुलिस सख्त दिखी, लेकिन कई इलाकों में तो लोग जैसे लॉकडाउन को फॉलो करने को तैयार ही नहीं हैं। वे बिंदास घरों के बाहर सामान खरीदने के बहाने निकल रहे हैं। इतना ही नहीं सोशल डिस्टेंसिंग को भी मेंटेन नहीं कर रहे हैं।

स्पॉट: आर्मी कैंप, बरियातू

टाइम: 11.00 बजे

रोड पर सन्नाटा तो है। जरूरी सामान खरीदने वाले इक्का-दुक्का लोग दिखाई दे रहे हैं। गाडि़यों का आवागमन बढ़ गया है। वहीं, एक बाइक और स्कूटी पर दो-दो लोग घूम रहे हैं। हाथों में थैला लिए ये लोग सोशल डिस्टेंसिंग की भी धज्जियां उड़ा रहे हैं। इसके बावजूद पुलिस इन्हें नहीं रोक रही।

स्पॉट: करमटोली चौक

टाइम: 11.08 बजे दिन

ट्रैफिक और पुलिस के जवान तैनात हैं। बिना पास वाली गाडि़यों को सख्ती से रोककर पूछताछ की जा रही है। वहीं, बाइक से घूमने वालों का पेपर भी चेक कर चालान काटा जा रहा है, फिर भी लोग सुधरने को तैयार नहीं हैं। जब लौटने के लिए कहा गया तो लगे बहाना बनाने।

स्पॉट: रानी चिल्ड्रेन हॉस्पिटल

टाइम: 11.18 बजे दिन

कुछ लोगों ने तो लॉकडाउन का पालन नहीं करने का जैसे मन बना रखा है। चाहे कुछ भी हो जाए वे घर से बाहर निकलेंगे। दो-दो लोग घरों से खरीदारी के लिए निकल रहे हैं। एक बाइक पर एक ही व्यक्ति चलने को कहा गया है। वहीं लोग रूककर बातें भी कर रहे हैं।

स्पॉट: खेलगांव चौक

टाइम: 12.00 बजे दिन

पुलिस पूरी तरह से मुस्तैद है। तीनों ओर से आने वाली हर गाड़ी पर पुलिस की नजर है। गाडि़यों को रोककर सख्ती से लॉकडाउन का पालन कराया जा रहा है। ई-पास वालों को छूट दी गई है। फिर भी उनसे पूछताछ की जा रही है, कि कहीं फर्जी पास तो लगाकर नहीं घूम रहे।