रांची (ब्यूरो): प्रदेश कांग्रेस कमेटी के डेलीगेट आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने दावा किया है कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी अध्यक्ष के चुनाव में झारखंड के सभी डेलीगेट ने एकतरफा मलिकार्जुन खडग़े के पक्ष में मतदान कर कांग्रेस की लोकतांत्रिक प्रक्रिया, विचारधारा एवं कांग्रेस पार्टी को आगे ले जाने का स्पष्ट संकेत दे दिया है। कांग्रेस नेताओं ने पूर्वाह्न 11 बजे ही मतदान किया। प्रात: 10 बजे पीआरओ प्रकाश जोशी के नेतृत्व में कांग्रेस मुख्यालय में वोटिंग शुरू हुई और चार बजे समाप्त हुई। झारखंड सरकार के वित्त मंत्री डॉ रामेश्वर उरांव, आलमगीर आलम, बादल पत्रलेख ने भी अपना मतदान किया।

पार्टी को मजबूत बनाएंगे

कांग्रेस डेलीगेट आलोक कुमार दूबे ने कहा कि लोकतंत्र हमारी धमनियों में रक्त के साथ बहने वाला विचार है और इसकी हर हाल में रक्षा करेंगे, इसे मजबूत बनाएंगे। कांग्रेस डेलीगेट किशोर शाहदेव ने कहा खडग़े का चुनाव जीतना लगभग तय है। पूरे देश में खडग़े को अपार जनसमर्थन प्राप्त है। डेलीगेट डॉ राजेश गुप्ता छोटू ने कहा मलिकार्जुन खडग़े के नेतृत्व में उज्ज्वल भविष्य निहित है और उसमें संशय नहीं है कि कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान मिलेगा।

जताया आभार

इसके पूर्व रिटर्निग ऑफिसर प्रकाश जोशी से मिलकर उन्हें झारखंड की चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने के लिए धन्यवाद दिया और उनके प्रति आभार प्रकट करते हुए कहा कि पिछले 8 महीनों से लगातार चुनाव प्राधिकरण के रूप में झारखंड में डेलीगेट के चुनाव से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के शांतिपूर्ण चुनाव में उनकी भूमिका प्रशंसनीय रहेगी। आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ शाहदेव और डॉ राजेश गुप्ता छोटू 18 अक्टूबर को दिल्ली जाएंगे और निश्चित रूप से जीत रहे भावी अध्यक्ष मल्लिका अर्जुन खडग़े को बधाई देंगे।