रांची (ब्यूरो) । ईद के चांद का शुक्रवार को दीदार हो गया। इसके साथ ही पर्व की खुशियां छा गई। चांद दिखते ही रोजेदारों के चेहरे खिल उठे। एक दूसरे को चांद की मुबारकबाद पेश की गई। त्योहार को लेकर हर ओर उत्साह व उमंग का वातावरण देखने को मिल रहा है। फिजाओं में रौनक है। रोजेदार ईद की अंतिम तैयारी में जुट गए हैं। शनिवार को भाईचारगी का पर्व ईद हर्षोल्लासपूर्वक मनाया जाएगा। सुबह से ही शहर के विभिन्न ईदगाहों व मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की जाएगी। इस मौके पर हर मस्जिद व ईदगाह में पेश-ईमाम खुतबा और तकरीर के साथ ही नमाज अदा कराएंगे।

सबसे पहले यहां नमाज

रांची में सुबह सादिक के साथ ही अहले हदीस मस्जिद में 6.30 बजे ईद की नमाज हो जाएगी। अहले हदीस मस्जिद में सभी तरह की नमाज का वक्त आम तौर पर अन्य मस्जिदों में पढ़ी जाने वाली नमाज के समय से काफी पहले रहता है। सिटी में सबसे अंत में मस्जिद-ए-जाफरिया और हरमू रोड ईदगाह में सुबह 9.30 बजे नमाज होगी।

डेढ़ लाख नमाजी

हरमू रोड ईदगाह में करीब डेढ़ लाख लोग नमाज अदा करेंगे। वहीं अन्य मस्जिदों और ईदगाहों में भी भीड़ उमड़ेगी। ईद को लेकर ईदगाहों व मस्जिदों की विशेष साज-सज्जा की गई है। मुस्लिम बहुल इलाकों में रंग-बिरंगी लाइटें और फुलझडिय़ां जगमगा रही हैैं।

देर रात तक खरीदारी

इधर, मेन रोड के ईद बाजार में खरीदारों की भीड़ उमड़ी। चांद नजर आने के साथ ही लोग बाजार की ओर निकल पड़े। देर रात तक ग्राहकों की भीड़ देखने को मिली। बाजार में कपड़े से लेकर, खिलौने, सिवइयां, फल-मिठाई की सैकड़ों दुकानें सजी थीं। जमकर बिक्री हुई। भीड़ इतनी थी कि दोपहर बाद मेनरोड इलाके में वाहन तो दूर पैदल चलना भी मुश्किल लग रहा था।

अल्लाह का तोहफा है ईद

रामजान के पूरे माह की इबादत और रोजे के बदले अल्लाह की तरफ से ईद के तौर पर मिले तोहफे की खुशी रोजेदारों के चेहरे पर स्पष्ट रूप से देखने को मिल रही है। संध्या के बाद ईद का चांद देखने के बाद रोजेदार गले लगकर एक दूसरे के साथ ईद की खुशियां बांटते दिखे।

चांद रात में गुलजार रहीं सड़कें

ईद उल फित्र की चांद रात में राजधानी की सड़कें गुलजार रहीं। बाजारों में भी रौनक देखने को मिली। सबसे ज्यादा भीड़ मेन रोड, उर्दू लाइब्रेरी, चर्च रोड, लेक रोड, रतन टाकिज, डोरंडा सहित राजधानी के प्रमुख बाजार में रात के तीन बजे तक मेले जैसा नजारा था। बड़े तो बड़े उत्साह में लबरच्ज बच्चे परिजनों के साथ घूमते नजर आए।

अलविदा जुमे की नमाज अदा

शुक्रवार को रमजान के मुबारक महीने के आखिरी जुमे की नमाज पढऩे के लिए मस्जिदों में रोजेदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। मस्जिद में जगह नहीं मिली तो सड़क पर ही दरी बिछाकर नमाज अदा की गई। मेन रोड में इकरा मस्जिद के सामने सड़क पर भारी भीड़ उमड़ी।