आई फॉलोअप

-टेट एग्जाम में चोरी कराने में हुई थी जेल, आइआरबी एग्जाम में चोरी से इनकार

-रातू रोड का मास्टरमाइंड ब्रजेश सिंह उर्फ ब्रजेश चौबे कर सकता है सरेंडर

RANCHI(3 Feb): आइआरबी परीक्षा में ब्लूटूथ से चोरी मामले में रांची पुलिस ने हजारीबाग के इचाक निवासी मुन्नाभाई शशिकांत को हिरासत में लिया है। शनिवार को कोतवाली डीएसपी भोला प्रसाद, सदर डीएसपी विकासचंद्र श्रीवास्तव समेत कई थानेदारों ने शशिकांत से लंबी पूछताछ की। लेकिन, उसने आइआरबी परीक्षा में चोरी कराने वाले गिरोह के सरगना की जानकारी देने से साफ इन्कार कर दिया। उसने पुलिस को बताया कि चोरी करते पकड़ाया मो सिकंदर के बकाया ढाई लाख का भुगतान नहीं किया है इस वजह से वह उसे इस केस में फंसा रहा है। उसने पुलिस को यह भी बताया कि पिछले दिनों टेट में चोरी करने में उसकी सहभागिता थी। इस एवज में उसे छात्रों से राशि भी मिली थी। गौरतलब हो कि 17 दिसंबर को आइआरबी परीक्षा में रांची के अलावा कई स्थानों से मोबाइल डिवाइस के जरिए चोरी करते हुए कुछ लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। जेल भेजे गए कुछ की जमानत हो चुकी है। मामले में रातू रोड के एक मास्टरमाइंड ब्रजेश सिंह उर्फ ब्रजेश चौबे को भी नामजद आरोपी बनाया गया है, जो अब तक फरार है। पुलिस को सूचना मिली है कि वह इस मामले में जल्द सरेंडर करनेवाला है।

सिकंदर के बयान पर शशिकांत को उठाया

हिंदपीढ़ी इदरीसिया तंजीम स्कूल में आइआरबी परीक्षा देते हुए पुलिस ने 17 दिसंबर को मो सिकंदर को गिरफ्तार किया था। छानबीन के दौरान मो सिकंदर के पास से पुलिस ने डिवाइस बरामद की थे। उसने पुलिस को बताया कि कान में लगाने वाली डिवाइस व अन्य सामग्री उसे इचाक के शशिकांत ने उपलब्ध कराया था। इस एवज में उसने राशि भी ली थी। उसके दिए गए बयान के आधार पर पुलिस ने शशिकांत को हिरासत में लिया है।

जेल जा चुका है शशिकांत

पिछले दिनों टेट की हुई परीक्षा में डिवाइस के माध्यम से चोरी करने के मामले में हजारीबाग पुलिस ने शशिकांत को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा था। हजारीबाग पुलिस ने इसके पास से कान में लगाने वाली डिवाइस समेत कई चीजें भी बरामद की थी।