रांची: हॉकी की नर्सरी के नाम से विख्यात झारखंड के सिमडेगा जिले में बुधवार को हॉकी के महाकुंभ का शानदार आगाज हुआ, जहां देश भर के हॉकी के धुरंधर अपना टैलेंट दिखाने को बेताब नजर आए। 11 वीं हॉकी इंडिया नेशनल वूमेन सब जूनियर हॉकी प्रतियोगिता के पहले ही दिन मेजबान झारखंड की टीम ने गुजरात को 17-00 से हराकर अपना दमखम दिखा दिया। अब देखना है कि देश के 22 राज्यों की हॉकी टीम में कौन चैंपियन होती है। इससे पहले सिमडेगा जिला के एसएस ग‌र्ल्स हाईस्कूल स्थित एस्ट्रो टर्फ ग्राउंड में स्टेट के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रतियोगिता का उद्घाटन हॉकी स्टीक से गेंद को पुश करके किया। वहीं, जानेमाने कलाकार पद्मश्री मुकुंद नायक व उनकी टीम ने कल्चरल प्रोग्राम पेश कर ऐसा माहौल बनाया की हर कोई वाहवाह कर उठा।

एक और इंटरनेशनल एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम बनेगा

वहीं, सीएम हेमंत सोरेन ने उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सिमडेगा में 18.5 करोड़ रुपए की लागत से अत्याधुनिक एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा, जहां हॉस्टल के अलावा वालीबॉल और बास्केटबॉल का भी कोर्ट होगा। इस प्रस्तावित एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम के प्रारूप का मुख्यमंत्री ने विमोचन भी किया। साथ ही कहा कि सिमडेगा जिले में आधुनिक एथलेटिक्स ट्रैक बिछाया जाएगा। सीएम ने कहा कि खेलों के माध्यम से राज्य के चहुंमुखी विकास पर सरकार का विशेष जोर है। इस वजह से इस साल बजट में पर्यटन और खेल पर विशेष फोकस किया गया है। इसके साथ ही खिलाडि़यों को खेल सुविधाएं देने के साथ पूरा सहयोग मिलेगा। मौके पर मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में शिरकत कर रही 22 राज्यों की खिलाडि़यों का परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साह बढ़ाया।

सिमडेगा ने राज्य व देश का बढ़ाया मान

मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड खासकर सिमडेगा जैसे जिले में इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन होना सिमडेगावासियों और हॉकी प्रेमियों के लिए विशेष यादगार भरा दिन है। इससे यहां खेल और खिलाडि़यों को बढ़ावा मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमडेगा, खूंटी और गुमला जैसे पिछड़े क्षेत्रों से दर्जनों अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकले हैं। सिर्फ सिमडेगा जिला ने चार दर्जन से ज्यादा खिलाड़ी देश को दिए हैं। इसी जिले के करंगगुड़ी गांव से तीन खिलाड़ी भारतीय टीम में शामिल हैं। देश और राज्य का मान सम्मान बढ़ाने वाले इन खिलाडि़यों पर हम सभी को गर्व है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस इलाके में हॉकी युवाओं के दिल में रचा बसा है। जिस तरह खेतों में फसलें उगाई जाती हैं उसी तरह यहां हॉकी खिलाड़ी तैयार होते हैं। इसलिए इसे हॉकी की नर्सरी के रूप में पूरी दुनिया जानती है।

खिलाडि़यों की सीधी नियुक्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल और खिलाडि़यों को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। इस सिलसिले में सभी जिलों में खेल पदाधिकारी नियुक्त किए गए हैं। वही, खिलाडि़यों की सीधी नियुक्ति भी सरकार कर रही है। बहुत जल्द 39 खिलाडि़यों को सीधी नियुक्ति का लाभ मिलने जा रहा है। सभी खिलाडि़यों को सिमडेगा के पर्यटक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान कहा कि इस प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए आए सभी राज्यों की खिलाडि़यों को सिमडेगा उसके आसपास स्थित पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा।

कल्चरल प्रोग्राम से मन मोहा

मौके पर जानेमाने कलाकार पद्मश्री मुकुंद नायक व उनकी टीम ने शानदार कार्यक्रम की प्रस्तुती दी। उद्घाटन समारोह में विधायक भूषण बाड़ा, विधायक एन विक्सल कोनगाड़ी, खेल एवं युवा कार्य विभाग की सचिव पूजा सिंघल, हॉकी इंडिया के अध्यक्ष ज्ञानेन्द्रो निंगमबम, हॉकी झारखंड के अध्यक्ष भोला नाथ सिंह, सिमडेगा के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक, तथा झारखंड ऊर्जा संचरण विकास निगम के प्रबंध निदेशक केके वर्मा समेत कई गणमान्य उपस्थित थे।

सिमडेगा को दो ग्रिड सब स्टेशन की सौगात

इस मौके पर सीएम हेमंत सोरेन ने झारखंड ऊर्जा संचरण निगम की योजना 132 /33 केवी ग्रिड सब स्टेशन कुरडेग और 132/ 33 केवी ग्रिड सब स्टेशन कोलेबिरा का शिलान्यास किया। इन दोनों ग्रिड सब स्टेशनों के निर्माण पर 207.61 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। सीएम ने विभिन्न सखी मंडलों को 6.28 करोड़ का चेक सौंपा।