रांची (ब्यूरो)। वह शख्स खुद को कल्याण विभाग का पदाधिकारी बताता है। गरीब और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को लोन दिलाने, सब्सिडी पर गाड़ी और घर दिलाने के नाम पर ठगी करता है। उस शख्स का नाम संजय राम उर्फ संजय कुमार रवि है, जिसने दर्जनों आम लोगों को ठगी का शिकार बनाया है। वैसे तो इस शख्स पर पहले से ही फ्रॉड के कई मामले दर्ज हैं, लेकिन ताजा मामला रांची के पिठोरिया का है। जहां इस ठग ने दो दर्जन से भी अधिक लोगों को अपना शिकार बनाया है। विक्टिम लोगों ने थाना में इस संबंध में मामला दर्ज कराया है। किसी को टू व्हीलर, फोर व्हीलर में सब्सिडी दिलाने, आवास योजना में सब्सिडी और लोन दिलाने के नाम पर 30 लाख से अधिक की ठगी कर चुका है।

सरकारी योजना बताकर ठगी

किसी को कल्याण विभाग का एरिया पदाधिकारी तो किसी को क्लर्क बताने वाला संजय राम उर्फ संजय कुमार रवि लगातार फर्जीवाड़ा करता रहता है। बीते कई सालों से यह इस धंधे में संलिप्त है। एक साल पहले भी इस व्यक्ति के खिलाफ सिसई थाने में मामला दर्ज कराया गया था। मूल रूप से बुढ़मू ठाकुरगांव के रहने वाले इस शख्स ने अब तक न जाने कितने लोगों को अपने झांसे में लिया है। पीडि़त व्यक्ति पिठोरिया निवासी जावेद खान ने बताया कि एसटी, एससी, ओबीसी और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को आधी कीमत में गाड़ी दिलाने की बात करता है। कुछ लोगों को गाड़ी दिलवाई भी थी। जिससे अन्य लोग आसानी से इसके झांसे में आ गए। संजय राम ने किसी से तीन लाख तो किसी से एक लाख रुपए की ठगी की है। अलग-अलग जिलों में जाकर आमजनों को शिकार बनाता रहता है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि एक के बाद एक एफआईआर दर्ज होने के बाद भी यह शख्स बड़े आराम से बाहर घूम रहा है।

ऐसे लेता है झांसे में

संजय राम उर्फ संजय रवि सिटी के अलग-अलग शोरूम में घूमता रहता है। यहां जब कोई व्यक्ति गाड़ी लेने आता है तो उसे वह अपने आप को कल्याण विभाग का पदाधिकारी बताकर झांसे में ले लेता है। इतना ही नहीं, दलित और हरिजनों को सरकार की फर्जी योजना के बारे में बताकर उसे आधी कीमत में फोर व्हीलर, टू व्हीलर और छोटा-मोटा बिजनेस करने के लिए लोन दिलाने की बात करता है। लोग भी अपना लाभ देखकर उसकी बातों में आ जाते हैं। सिर्फ जावेद ही नहीं, बल्कि मघन महतो समेत अन्य लोग भी इस ठग के झांसे में आ चुके हैं। जावेद और मघन ने थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है।

एक करोड़ की ठगी का आरोप

पिठोरिया के अलावा रामगढ़ के मांडू थाना में भी संजय राम के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। यहां संजय राम पर एक करोड़ सात लाख अड़सठ हजार पांच सौ रुपए की ठगी का आरोप लगाया गया है। आरोप लगाने वाले मघन महतो ने लिखित आवेदन में कहा कि संजय राम ने उसे कल्याण विभाग का पदाधिकारी बताते हुए आधी कीमत में गाड़ी दिलाने, सृजन लोन, होम लोन, मुर्गी पालन इत्यादि पर भी 50 परसेंट सब्सिडी दिलाने की बात कहीं। उसकी बात में आकर अलग-अलग लोगों ने उसे पैसे दे दिए। एक करोड़ से भी अधिक रुपए लेकर संजय राम फरार हो गया। वहीं, बोकारो के अशोक कुमार जो फिलहाल रांची के विकास में रहते है, उन्होंने भी संजय राम पर 1 करोड़ 6 लाख रुपए ठगी का आरोप लगाया है।

पुलिस के साथ सांठगांठ

पीडि़त जावेद ने बताया कि शिकायत दर्ज कराने के बाद भी संजय राम पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। उल्टे संजय खुद को पुलिस का करीबी बताता है। विभाग में एक खास पद पर आसीन व्यक्ति को पैसे देने की बात कहता है। यही वजह है कि उस पर कोई कार्रवाई नहीं होती है। उस पर केस होते रहते है और वह दूसरे लोगों को फंसाने की योजना बनाता रहता है।

क्या कहते हैं विक्टिम

संजय राम ने मुझे आधी कीमत में स्कार्पियों दिलाने का लालच दिया था। उसकी बात में आकर मैंने उसे पैसे दे दिए। फिर बाद में टाल-मटोल करने लगा।

-जावेद आलम

मेरे साथ भी ठगी हुई है। संजय ने मुझे खुद को कल्याण विभाग का पदाधिकारी बता कर 50 परसेंट सब्सिडी पर लोन दिलाने का दावा किया था। लेकिन मुझे कोई लोन नहीं दिया गया।

-अशोक कुमार

मेरे साथ साथ करीब दो दर्जन लोगों को संजय ने ठगी का शिकार बनाया है। किसी को लोन दिलाने, किसी को वाहन दिलाने के नाम पर उसने ठगा है।

-मघन महतो