रांची(ब्यूरो)। राजधानी वासियों को नए साल में नई सौगात मिलेगी। रांची वासियों को जाम-झाम से छुटकारा दिलाने के लिए राज्य सरकार ने रोड मैप तैयार किया है। फ्लाईओवर का निर्माण कर सरकार मेन रोड के जाम को कम करेगा। जी हां, नए प्रस्ताव में रांची के सिरमटोली से मेकॉन चौक तक फ्लाईओवर बनाने की योजना तैयार की गई है। राजधानी रांची में जाम की समस्या बहुत बड़ी समस्या है। सिटी की अमूमन हर सड़क पर जाम की परेशानी झेलनी पड़ती है। रातू रोड, मेन रोड, लालपुर, कांटाटोली, हरमू रोड में पूरे दिन जाम की समस्या रहती है। अब मेन रोड के जाम की समस्या को कम करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। फ्लाईओवर बनाकर मेन रोड पर गाडिय़ों के प्रेशर को कम किया जाएगा। यह फ्लाईओवर सिरमटोली से लेकर नेपाल हाउस से मेकॉन चौक तक निर्माण कराया जाएगा। मुख्यमंत्री की ओर से इसके लिए स्वीकृति दे दी गई है। करीब 335 करोड़ रुपए की लागत से इस फ्लाई ओवर का निर्माण किया जाएगा। पथ निर्माण विभाग की ओर से इस फ्लाईओवर का निर्माण किया जाएगा। करीब 2.4 किमी लंबे फ्लाईओवर का निर्माण सिरमटोली से नेपाल हाउस रोड और मेकॉन चौक तक के बनाया जाएगा, जो ओवरब्रिज के पास से ही रेल ट्रैक भी क्रॉस करेगा। इस प्रोजेक्ट का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। सीएम की ओर से इसके लिए ग्रीन सिग्नल मिल गया है। सिर्फ कैबिनेट में लाकर इस प्रस्ताव पर मुहर लगाने की देर है, जिसके बाद काम शुरू हो जाएगा। दो साल में इस फ्लाईओवर को पूरा करने का लक्ष्य है।

राजेन्द्र चौक से दो हिस्से में बंटेगा फ्लाईओवर

सिरमटोली से फ्लाईओवर राजेंद्र चौक तक बनाया जाएगा। यहां से इसे दो अलग हिस्सों में बांट दिया जाएगा। एक हिस्सा नेपाल हाउस और दूसरा मेकॉन चौक पर जाकर खत्म होगा। किसी व्यक्ति को सिरमटोली से मेकॉन या नेपाल हाउस की ओर जाना है तो वे बगैर मेन रोड एंट्री किए अपने गणतव्य तक जा सकते है। इससे मेन रोड पर प्रेशर कम होगा और जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी। कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही पथ निमार्ण विभाग इस दिशा में काम शुरू कर देगा। हरी झंडी मिलने के बाद टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। टेंडर जारी होने से दो साल के अंदर इसका निर्माण पूरा कर लिया जाएगा। मिली जानकारी के अनुसार, इसी साल फ्लाईओवर निर्माण कार्य शुरू करने की योजना है। फ्लाईओवर बनने के बाद मेन रोड पर जाम की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा।

रेलवे से अनुमति लेना जरूरी

इस फ्लाईओवर की डिजाइन इस तरह से तैयार की गई है कि यह रेलवे ट्रैक को भी क्रॉस करेगा। जिसे देखते हुए रेलवे से भी अनुमति लेना जरूरी है। हालांकि, डिजाइन और डीपीआर तैयार होने के बाद बाद यह प्रस्ताव रेलवे को भेज दिया गया है। रेलवे से अनुमति लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस फ्लाईओवर की डिजाइन मुंबई के सी-लिंक ब्रिज के तर्ज पर तैयार किया गया है। मेकॉन और नेपाल हाउस के लिए दो लेन का एक-एक केबिल स्टेट ब्रिज भी बनाया जाएगा। आरसीडी ने इस फ्लाईओवर का अलाइनमेंट तय कर लिया है। राजेंद्र चौक के समीप दो लेन बनेगी, एक लेन केबल स्टेट ब्रिज नेपाल हाउस की ओर एवं एक ऐसा ही ब्रिज मेकॉन की ओर जाने के लिए बनेगा। फोर लेन फ्लाईओवर का मुख्य हिस्सा राजेंद्र चौक से आगे मौजूदा रेलवे ओवर ब्रिज के ऊपर नया ओवरब्रिज बनाकर आगे बार्ईं ओर एक दो बहुमंजिली इमारतों के बीच से निकलकर सिरमटोली चौक पर उतरेगा। ब्रिज की लंबाई राजेंद्र चौक से नेपाल हाउस की तरफ 152 मीटर होगी, जबकि मेकॉन की ओर से 176 मीटर लंबी होगी। फ्लाईओवर के बनने से सुजाता चौक, मेन रोड के अलावा क्लब रोड पर यातायात सुगम हो जाएगा।

स्टेशन व एयरपोर्ट जाने में होगी सुविधा

वर्तमान में मेन रोड में जाम होने की वजह से रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। कभी-कभी जाम के कारण लोग समय से स्टेशन या एयरपोर्ट नहीं पहुंचने से ट्रेन या फ्लाइट भी मिस हो जाती है। वैसे व्यक्ति जो धुर्वा, एयरपोर्ट, रांची रेलवे स्टेशन, हाई कोर्ट, डोरंडा कॉलेज, मेकॉन कॉलोनी जाना है, वे इस फ्लाईओवर से जा सकेंगे। इससे मेन रोड पर ट्रैफिक का लोड कम हो जाएगा।