रांची : राजधानी रांची को प्रदूषण मुक्त बनाने की मुहिम के तहत रांची नगर निगम की ओर से घोषित शनिवार नो कार अभियान का आगाज शनिवार को हुआ। मोरहाबादी में औपचारिक कार्यक्रम की शुरुआत दोपहर डेढ़ बजे हुई। पूर्व में यह कार्यक्रम सुबह नौ बजे से निर्धारित था। खराब मौसम के कारण विलंब हुआ। कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने मोरहाबादी के चिल्ड्रन पार्क के करीब फीता काटकर अभियान का शुभारंभ किया। वहां से नगर निगम तक साइकिल चलाई। नगर निगम कार्यालय पहुंचकर साइकिल रैली खत्म हुई। निगम की अपील का असर शहर की जनता में दिखा। आम दिनों के मुकाबले शनिवार को कम वाहन सड़कों पर उतरे। युवाओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया। जिनके पास साइकिल नहीं थी, उनमें से कई लोग ई-रिक्शा से अपने कार्यालय औ गंतव्य तक पहुंचे। हर दिन जाम से परेशान लोगों ने सड़क पर यातायात का दबाव कम होने पर नगर निगम के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया। यह मुहिम अब हर शनिवार जारी रहेगा। निगम का प्रयास है कि शनिवार नो कार अभियान का लक्ष्य 100 फीसद हासिल किया जाए। इसके लिए लोगों से सहयोग मांगा गया है।

साइकिल चलाकर रांची का तापमान घटाने में करें मदद

इस दौरान कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि रांची का तापमान पहले से ज्यादा बढ़ रहा है। इसका कारण प्रदूषण है। सड़क पर वाहनों की संख्या बढ़ने से प्रदूषण में इजाफा हो रहा है। इसलिए सभी को चाहिए कि वह नगर निगम के शनिवार नो कार अभियान का समर्थन करें। थोड़ी दूर चलना है तो साइकिल से जाएं। इससे प्रदूषण कम करने में काफी मदद मिलेगी।

ये लोग मौजूद थे रैली में

साइकिल रैली में कृषि मंत्री बादल पत्रलेख और नगर आयुक्त मुकेश कुमार के अलावा उप नगर आयुक्त शंकर यादव, उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन, स्वास्थ्य अधिकारी किरण कुमारी, सहायक नगर आयुक्त, सभी नगर प्रबंधक, पार्षद अरुण झा, वार्ड पार्षद विनोद सिंह, वार्ड पार्षद सुनील यादव, साइकिल मेयर कनिष्क पोद्दार समेत अन्य नगर निगम के कर्मचारी मौजूद थे।

नगर निगम में आधा घंटा तक बैठे कृषि मंत्री

कृषि मंत्री बादल पत्रलेख नगर निगम में तकरीबन आधा घंटा तक बैठे। नगर निगम तक साइकिल चलाने के बाद कृषि मंत्री बादल पत्रलेख नगर आयुक्त मुकेश कुमार के साथ उनके चेंबर में गए और यहां राजधानी को खूबसूरत बनाने और साइकि¨लग को बढ़ावा देने के लिए कई ¨बदुओं पर चर्चा हुई। नगर आयुक्त ने कृषि मंत्री से अपनी भावी योजना साझा की और उन्हें बताया कि उनकी योजना है कि राजधानी की प्रमुख सड़कों पर साइकिल ट्रैक बनाया जाएगा, जिससे साइकि¨लग को बढ़ावा मिलेगा। अभी लोग दुर्घटना के डर से साइकिल का इस्तेमाल करने से डरते हैं।

बारिश में ही पुनदाग से साइकिल चलाते निकले नगर आयुक्त

नगर आयुक्त मुकेश कुमार बारिश में ही पुनदाग स्थित अपने आवास से साइकिल चलाते हुए निकल पड़े थे। वह विधानसभा गए। इसके बाद उन्होंने कृषि मंत्री बादल पत्रलेख को भी साथ लिया। बादल पत्रलेख भी साइकिल पर ही थे। इसके बाद नगर आयुक्त और कृषि मंत्री जगन्नाथ मंदिर रोड होते हुए मोरहाबादी मैदान पहुंचे।

लोग साइकिल चलाएं। सभी डाक पर साइकिलें मौजूद हैं। साइकिल को आधे घंटे तक चलाने के लिए कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। अगर कोई आधा घंटा साइकिल चला कर इसे लाक कर देता है और फिर थोड़ी देर में साइकिल लेकर आधा घंटा चला कर लाक करता है तो उससे कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। ऐसा वो असीमित बार कर सकता है।

शशि रंजन, मैनेजर चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड