RANCHI: राजधानी को स्मार्ट बनाने में अधिकारियों के पसीने छूट रहे हैं, लेकिन शहर के लोग सिटी को स्मार्ट बनने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। शहर के अस्त-व्यस्त इलाकों को सुव्यवस्थित तरीके से बसाने के लिए राजधानी में जितने भी अवैध घर बिना नक्शे के बने हैं, उन्हें वैध करने का निर्णय लिया गया है। सितंबर 2019 में सरकार ने कैबिनेट से पास करके अवैध मकानों को वैध करने का निर्णय लिया था। लेकिन, रांची के लोग अपने घरों को वैध नहीं कराना चाह रहे हैं। आलम यह है कि सितंबर से मार्च तक सिर्फ 125 लोगों ने अपने मकान को वैध करने के लिए आवेदन दिया है। अब सरकार ने 27 मार्च का अंतिम समय आवेदन देने का तय किया है। इस दिन तक अगर शहर के लोग आवेदन नहीं देते हैं, तो उनके मकानों को फिर वैध नहीं किया जाएगा।

सिर्फ 36 हजार मकानों का ही नक्शा पास है

राजधानी में करीब एक लाख 96 हजार मकान हैं। इनमें से सिर्फ 36000 मकानों का ही नक्शा पास हुआ है। करीब 1 लाख 60 हजार मकान अब भी अवैध हैं। छह महीने में 1 लाख 60 हजार अवैध मकानों में से 125 मकानों को ही वैध करने के लिए लोगों ने आवेदन दिया है। अब निगम के अधिकारी कर्मचारी भी परेशान हैं कि ऐसी क्या परिस्थिति आ गई है कि लोग अपने घर का नक्शा पास नहीं करवाना चाहते हैं।

90 दिन के अंदर पास होगा नक्शा

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि नगर विकास विभाग के निर्देश के अनुसार शहर के सभी अवैध मकानों को वैध करने के लिए लोगों से आवेदन मांगा गया है। इसके तहत जिन लोगों का भी सभी कागजात सही होगा, उनका नक्शा 90 दिन के अंदर पास कर दिया जाएगा।

इस वजह से लोग नहीं आ रहे हैं आगे

रांची नगर निगम के डाटा के अनुसार करीब 2 लाख लोगों का मकान नगर निगम क्षेत्र में बना हुआ है। इनमें से बहुत सारे ऐसे लोग हैं, जिन्होंने इनक्रोचमेंट करके भी घर बनाया है। शहर में सीएनटी एसपीटी का उल्लंघन करके भी लोगों ने मकान बनाया है। सरकारी जमीन पर भी मकान बनाया है, इसलिए लोग घरों को वैध करने के लिए आवेदन नहीं दे रहे हैं।

यह होगा फायदा

निगम के एक अधिकारी ने बताया कि नगर विकास विभाग शहर को सुनियोजित तरीके से डेवलप करने पर काम कर रहा है। इसके तहत राजधानी में जो मकान बन गए हैं, उन्हीं को सही तरीके से सारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अगर सभी मकानों का नगर निगम से नक्शा पास हो जाता है, तो उन मकानों तक चौड़ी सड़कें, पानी का कनेक्शन, होल्डिंग नंबर, बिजली का सही तरीके से कनेक्शन सहित कई तरह की सुविधाएं मिलेगी।