रांची (ब्यूरो) । रांची सहित राज्यभर के लोग काफी संख्या में घूमने पिंक सिटी जयपुर और गोवा जाते हैं। अभी गोवा और जयपुर जाने के लिए 7 से 8 घंटे उनको सफर करना पड़ता है। रांची से सीधी फ्लाइट नहीं होने के कारण कनेक्टिंग फ्लाइट दिल्ली या कोलकाता से लेकर इन शहरों के लिए जाते हैं। लेकिन, अब मई महीने से रांची से गोवा और रांची से जयपुर के लिए सीधी फ्लाइट शुरू होने वाली है। समर शेड्यूल जारी कर दिया गया है, जिसके तहत रांची से दो शहरों के लिए नई फ्लाइट शुरू करने का प्रस्ताव डीजीसीए को भेजा गया है।

रांची से गोवा की सीधी फ्लाइट

मई महीने से रांची से गोवा की सीधी फ्लाइट भी शुरू हो रही है। इस शहर से काफी संख्या में लोग गोवा जाते हैं, लेकिन अभी गोवा जाने के लिए उनको कनेक्टिंग फ्लाइट दिल्ली, मुंबई या कोलकाता से लेनी पड़ती है। अब इंडिगो की नई फ्लाइट शुरू होने से लोग 2 घंटे में रांची से गोवा पहुंचेंगे। यह सेवा सोमवार, शुक्रवार और रविवार को होगी। यह विमान शाम 6:15 बजे रांची पहुंचेगा और शाम 6:45 बजे गोवा के लिए उड़ेगा।

इंडिगो जाएगी जयपुर

समर शेड्यूल में पहली बार रांची से जयपुर के लिए सीधी विमान सेवा शुरू होगी। इंडिगो का 180 सीटर एयरबस विमान सप्ताह में मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को उड़ान भरेगा। यह विमान संख्या 6ई291-6ई289 सुबह 9:05 बजे रांची पहुंचेगा और यहां से सुबह 9:35 बजे जयपुर के लिए उड़ेगा। इंडिगो 23 मई से यह सेवा शुरू करना चाहती है। समर शेड्यूल में विमान सेवा को जोडऩे के लिए एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने डीजीसीए को प्रस्ताव भेजा है। वहां से मंजूरी मिलते ही विमान सेवा शुरू हो जाएगी। रांची से जयपुर को विमान सेवा से जोडऩे की मांग लंबे समय से चल रही है। सीधी विमान सेवा न होने से लोगों को दिल्ली या कोलकाता होकर जयपुर जाना पड़ता है।

आकाशा की बेंग्लुरु-हैदराबाद फ्लाइट जल्द

नई विमान कंपनी आकाशा एयरलाइंस भी रांची से बेंग्लुरु और हैदराबाद के लिए फ्लाइट शुरू करेगी। विमान संख्या क्यूपी-6581 और क्यूपी-6582 होगी। विमान बेंग्लुरू से सुबह 8:40 बजे रांची पहुंचेगा और सुबह 9:20 बजे हैदराबाद के लिए उड़ेगा। हैदराबाद से दोपहर 1:40 बजे रांची आएगा ओर दोपहर 2:15 बजे बेंग्लुरु के लिए उड़ेगा। दूसरा विमान बेंग्लुरु से शाम 6:45 बजे रांची पहुंचेगा और शाम 7:25 बजे बेंग्लुरु के लिए उड़ान भरेगा।

एयर इंडिया की भी रांची-दिल्ली जल्द

एक साल से ऑपरेशनल कारणों से बंद एयर इंडिया ने फिर रांची से दिल्ली के लिए विमान सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भेजा है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही विमान सेवा शुरू हो जाएगी। यह सेवा सप्ताह में सातों दिन होगी। पहले एयर इंडिया के विमान रांची से रेगुलर चलता था, लेकिन एयर इंडिया को नई कंपनी मिलने के बाद फिर से इसे रिशिड्यूल करने की तैयारी चल रही है।